आगरा। टीसीएस के मैनेजर मानव शर्मा की बहन आकांक्षा ने आरोप लगाया गया है कि उसके भाई को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया। भाभी निकिता जिन बातों को अपना पास्ट बता रही हैं, वह वर्तमान है। इसी बात से मानव बहुत परेशान था। दोनों आपसी सहमति से तलाक लेने के लिए मुंबई से आगरा आए थे। यहां ससुराल में उसे इतना डराया गया कि मां-बाप के कानूनी पचड़ों में फंसने की आशंका में उसने अपनी जान दे दी।
मानव की बहन आकांक्षा ने अपनी भाभी निकिता द्वारा अपने बचाव में कही गई हर बात का जवाब दिया। आकांक्षा का कहना था कि मानव के सुसाइड करने के बाद हम भी इसे हादसा मान चुके थे। दो दिन बाद जब हमने मानव का फोन खोला तो उसमें वह वीडियो मिला जो उसने फांसी लगाते समय बनाया था। मानव के फोन से हमें और भी बहुत कुछ ऐसा मिला जिससे पता चलता है कि वह अपनी पत्नी के अवैध संबंधों को लेकर बहुत परेशान था।
भाई ने मुझसे कहा था कि मैं ठीक हूं
आकांक्षा ने कहा कि जिस दिन मानव ने सुसाइड किया, मुझसे रात ढाई बजे निकिता ने सम्पर्क किया था। इसके बाद उसने अपने भाई को कॊल किया। मानव ने यह कहते हुए कॊल नहीं उठाया था कि वह वीडियो देख रहा है और खाना खा रहा है। उसने मुझसे व्हाटसएप पर बात की। आकांक्षा ने भाई से कहा कि मैंने बुरा सपना देखा है, तू ठीक तो है न। इस पर मानव ने कहा कि वह बिल्कुल ठीक है। बातचीत में मानव ने बहन से यह भी कहा था कि मुझे मालूम है कि तुम्हें निकिता ने फोन किया होगा।
मुझे जरा भी अंदाजा नहीं था
बकौल आकांक्षा, भाई से बातचीत के बाद ही उसने निकिता से कहा था कि मानव ठीक है और तू भी सो जा। आकांक्षा ने कहा कि मुझे जरा भी अंदाजा नहीं था कि मेरा भाई जान दे देगा। कोई बहन नहीं चाहेगी कि उसका भाई जान देने जा रहा है और वह अपनी भाभी को कहे कि सो जा। आकांक्षा ने कहा कि मानव ने उससे सामान्य बात की थी, इसलिए उसने निकिता को सो जाने के लिए कहा था।
कुछ ऐसा पता चला कि मानव परेशान हो गया
मानव की बहन आकांक्षा ने बताया कि उसके भाई मानव को बीते जनवरी माह में इंस्टाग्राम पर एक महिला ने निकिता और उसके परिवार के बारे में कुछ ऐसा बताया था कि मानव बहुत परेशान हो गया था। इसके बाद ही मानव ने हाथ पर कट लगाकर सुसाइड की कोशिश की थी। इसकी जानकारी होने पर मेरे मम्मी-पापा मुंबई गए थे। काउंसलिंग कर भाई को समझाया था।
आपसी सहमति से तलाक लेना तय हुआ था
इसके बाद मानव और निकिता ने आपसी सहमति से तलाक लेना तय किया था। इसी सिलसिले में दोनों आगरा पहुंचे थे। बीते सोमवार को आगरा में दोनों आपसी सहमति से तलाक के पेपर प्रस्तुत करने वाले थे। तय हुआ था कि बगैर किसी विवाद के शांति से तलाक ले लेंगे। आगरा पहुंचे पर निकिता ने कहा था कि उसके पिता की तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए मानव उसे उसके मायके (बरहन) में छोड़कर आया था।
ससुराल में इतना डराया कि सुसाइड कर लिया
आकांक्षा ने कहा कि ससुराल में मानव से न जाने क्या कहा गया कि वह बहुत डर गया। शायद उससे कहा गया कि तलाक लेना इतना आसान नहीं होगा। इसी वजह से उसे डर लगा कि उसकी वजह से उसके मां-बाप भी फंस जाएंगे। इसी तनाव में आकर बरहन से लौटकर उसी रात उसने आत्महत्या कर ली।
हमें नहीं बताया कि तीन बार सुसाइड की कोशिश की
मानव की बहन आकांक्षा ने कहा कि उन्हें निकिता शर्मा ने हमें कभी नहीं बताया कि मानव ने तीन बार सुसाइड की कोशिश की थी। एक बार की हमें जरूर पता है तब मेरे मम्मी-पापा मुंबई गए थे और मानव को समझाकर आए थे। तभी दोनों के बीच आपसी सहमति से तलाक की बात तय हुई थी।
यह सब जानकर भी मानव ने शादी की थी
आकांक्षा ने कहा कि उसके भाई ने शादी से पहले ही निकिता के बारे में बहुत कुछ जानने के बाद भी शादी की थी। आकांक्षा ने कहा कि शादी के वक्त हर लड़की के लिए वर्जिनिटी को लेकर कंसर्न होता है। शादी से पहले खुद निकिता ने मानव को अपने बारे में कुछ ऐसा बताया था कि कोई और लड़का होता तो वह शादी नहीं करता। बताया था कि उसके अपने एक रिश्तेदार से संबंध हैं। निकिता ने यह बताया था कि यह रिश्तेदार उससे जबर्दस्ती करता आ रहा है। मानव ने निकिता के यह बताने के बावजूद उसे इसका पास्ट मानकर शादी की थी।
बहुत भावुक था मानव, पत्नी की विदाई पर रोया था
आकांक्षा ने कहा कि मानव बहुत भावुक था। वह मुंबई में खाना बनाने में निकिता के साथ सहयोग करता था। कौन लड़का ऐसा होगा जब अपनी शादी के मौके पर अपनी ही पत्नी के विदाई के मौके पर रोता हो। विदाई के मौके पर निकिता को रोते देख मानव भी रोने लगा था। वह अपने सास ससुर को गले लगाता था।
नये राज खुलने के बाद मानव टूट गया था
आकांक्षा ने कहा कि जनवरी 24 में शादी के बाद ही मानव निकिता को अपने साथ मुंबई ले गया था। इस साल जनवरी में उसके सामने निकिता के नये राज खुले, जिसके बाद से वह बहुत तनाव में रहने लगा था। मानव को पता चला था कि उसकी पत्नी के कई लोगों से अफेयर हैं। इन लोगों की पत्नियां ही मानव को सारी जानकारियां दे रही थीं।
निकिता चाहती तो 40 मिनट में आगरा पहुंच जाती
आकांक्षा ने कहा कि मैं तो भाई से बात करने के बाद निश्चिंत हो गई थी। मुझे जरा भी अंदाजा होता तो मैं कैसे सो सकती थी। आकांक्षा ने कहा कि जिस रात मेरे भाई ने सुसाइड किया, मैं दिल्ली में थी। निकिता तो बरहन में आगरा स्थित उनके घर से 40 मिनट की दूरी पर थी। उसने 40 मिनट मुझसे बातचीत की। इतने में तो वह खुद भी बरहन से आगरा पहुंच सकती थी। आकांक्षा ने कहा कि निकिता और उसके परिवार वालों ने ही मानव को आत्महत्या के लिए मजबूर किया। वह किसी के साथ बुरा नहीं कर सकता था। जिसने खुद को मार लिया हो, वो किसी और को कैसे मार सकता था।
आकांक्षा ने कहा कि हमें भी बहुत कुछ तब पता चला जब मानव का मोबाइल खोला गया। उसमें सुसाइड के समय वीडियो के अलावा बहुत कुछ और भी मिला, जो हमने पुलिस को उपलब्ध करा दिया है।
- आठ किलो देसी घी और सवा सौ रुपये की लूट के मामले में दो आरोपी 41 साल बाद बरी, इलाहाबाद हाईकोर्ट कोर्ट ने पलटा निचली अदालत का फैसला - August 4, 2026
- आजमगढ़ में दर्दनाक हादसा: टायर फटने से बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर से टकराकर पलटा डीजल टैंकर, जिंदा जलने से चालक समेत तीन की मौत - August 4, 2026
- कंगना रनौत को बड़ी राहत: किसानों के अपमान और राजद्रोह मामले में कोर्ट ने खारिज की वादी की याचिका, अब सेशन कोर्ट जाएंगे वकील - August 4, 2026