आगरा। आगरा में सामने आए चर्चित धर्मांतरण मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कनाडा निवासी सैयद दाऊद अहमद को फरार घोषित कर दिया है। आरोपी पर संगठित धर्मांतरण गिरोह से जुड़े होने और विदेश से गिरोह को आर्थिक सहायता देने के गंभीर आरोप हैं। पुलिस के अनुसार सैयद दाऊद अहमद लंबे समय से विदेश में रहकर इस नेटवर्क को फंडिंग करता रहा है।
इस प्रकरण में आगरा की अदालत पहले ही आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर चुकी है। इसके बावजूद न्यायालय में उपस्थित न होने और लगातार फरार रहने के कारण पुलिस ने अब कुर्की की कार्रवाई के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। पुलिस का कहना है कि फरारी के दौरान आरोपी अपनी चल-अचल संपत्तियों को ठिकाने लगा सकता है, इसलिए समय रहते कुर्की की कार्रवाई आवश्यक है।
धर्मांतरण गिरोह का खुलासा सदर क्षेत्र से दो सगी बहनों के रहस्यमय ढंग से लापता होने के बाद हुआ था। जांच में सामने आया कि इस गिरोह के तार उत्तर प्रदेश सहित देश के अन्य हिस्सों और विदेशों तक जुड़े हुए हैं। पुलिस का दावा है कि गिरोह योजनाबद्ध तरीके से युवतियों को निशाना बनाकर उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाता था, जिसमें विदेशी फंडिंग की अहम भूमिका रही।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन स्तर पर भी सख्त रुख अपनाया गया है। संबंधित एजेंसियों को गिरोह से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद से आगरा पुलिस और जांच एजेंसियां लगातार साक्ष्य जुटाने और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
- अयोध्या पहुंचे अनुपम खेर: राम मंदिर दान चोरी विवाद पर बोले- ‘चोर को कोसिए, मंदिर को नहीं’, मर्यादा पर दिया बड़ा बयान - July 8, 2026
- आगरा में बारिश का कहर: सुभाष बाजार में बड़ा हादसा, नाले पर बनी दुकान ढही, मलबे में दबे लोगों के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी - July 8, 2026
- आगरा में आचार्य श्री 108 निर्भय सागर जी महाराज का मंगल आगमन: ट्रांस यमुना कॉलोनी में श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत - July 8, 2026