आगरा। थाना बसई अरेला और सर्विलांस सेल (पूर्वी) की संयुक्त कार्रवाई में मोबाइल टावर से बैटरियों की चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने गैंग के आठ शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 19 चोरी की टावर बैटरियां, 6 पावर केबल, कटर, बेल्चा, स्क्रूड्राइवर, मोबाइल फोन, 4200 रुपये नकद और एक होंडा कार बरामद हुई है।
यह गैंग रात के समय मोबाइल टावरों को निशाना बनाता था। सुपरवाइजर या गार्ड जैसे ही टावर से दूर होता, ये सक्रिय हो जाते थे। टावर पर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ना इनका पहला काम होता था, जिससे पहचान न हो सके।
गैंग उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश और राजस्थान के शहरों और गांवों में भी सक्रिय था। पुलिस के अनुसार, अब तक इनसे पूर्वी जोन में 8 चोरियों की पुष्टि हो चुकी है। गैंग में शामिल दो सदस्य पूर्व में टावर कंपनी में टेक्नीशियन रह चुके हैं, जिन्हें नेटवर्क और तकनीक की पूरी जानकारी थी
पूर्वी डीसीपी अली अब्बास ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल आठ गिरफ्तार किए गए हैं, कुछ सदस्य अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। गैंग से बरामद बैटरियों की कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई की कमान एसीपी पिनाहट के नेतृत्व में चली
गिरफ्तारी की यह कार्रवाई एसीपी पिनाहट के नेतृत्व में थाना बसई अरेला पुलिस और सर्विलांस टीम द्वारा की गई। यह गैंग पूर्वी जोन में लंबे समय से सक्रिय था और बैटरियों की सिलसिलेवार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026