आगरा। ताज नगरी के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पर्यटन विकास को गति देने वाले शिवाजी म्यूजियम के अधूरे निर्माण कार्य को अब दोबारा शुरू किया जा रहा है। मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने गुरुवार को पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन म्यूजियम का निरीक्षण किया और शेष बचे कार्य को गुणवत्ता व समयसीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त को अवगत कराया गया कि म्यूजियम का लगभग 50 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। म्यूजियम परिसर में गैलरी, हॉल, कैफेटेरिया, पार्किंग जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की उन्होंने विस्तार से जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि परिसर की सफाई और तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, और शुक्रवार से निर्माण कार्य फिर से शुरू हो जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के बाद पूरी मशीनरी और मैनपावर के साथ निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी। इसके लिए सभी आवश्यक संसाधन और तकनीकी सहायता जुटा ली गई है। यह म्यूजियम न केवल ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि आगरा के पर्यटन विस्तार और सांस्कृतिक चेतना को भी सशक्त करेगा।
मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने निरीक्षण के दौरान कहा, निर्माण कार्य पूरी गंभीरता, गुणवत्ता और गति के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। यदि किसी भी स्तर पर अवरोध उत्पन्न हो तो तत्काल मुझे सूचित किया जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण में लापरवाही या अनदेखी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही परिसर में मौजूद कुछ कमियों की ओर इशारा करते हुए उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश भी दिए।
शिवाजी म्यूजियम के निर्माण से आगरा को एक और संस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर के रूप में नया स्थल प्राप्त होगा, जो न केवल स्थानीय निवासियों बल्कि देश-विदेश के पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। यह म्यूजियम छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, शौर्य और रणनीति को समर्पित होगा।
- आगरा में होली से पहले मिलावटखोरों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: 2 क्विंटल से ज्यादा मिल्क केक और बर्फी नष्ट, कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी - February 25, 2026
- आगरा को ‘ग्रीन और क्लीन’ बनाने का मेगा प्लान: खेरागढ़ का नयाग्राम तालाब बनेगा मॉडल वेटलैंड, यमुना किनारे बनेगा नया घाट - February 25, 2026
- UP का ‘मॉडल’ बना आगरा का कलवारी स्कूल: जापानी तकनीक से लैस हुआ PM-Shri विद्यालय, CDO ने सुविधाओं को सराहा - February 25, 2026