Agra News: शताब्दी वर्ष के मौके पर झिलमिलाया मोतीगंज बाजार, कइयों को दिए भामाशाह सम्मान

स्थानीय समाचार

-श्रीमोतीगंज बाजार समिति ने कइयों को दिए भामाशाह सम्मान

– इस बाजार को आदर्श गल्ला मंडी घोषित करने की मांग भी हुई

– बाजार के इतिहास को लेखन के जरिए संजोइए- मेयर हेमलता

-समाज की अहम कड़ी और देश की धुरी हैं व्यापारी-डॉ. बबिता

-व्यापारी सरकार और समाज को सदैव देता रहता है-पुरुषोत्तम

-सीएम योगी ने व्यापारियों सुरक्षित किया है-विजय शिवहरे

आगरा। पांच सौ साल पुराने मोतीगंज बाजार की आभा आज देखते ही बन रही थी। मोतीगंज बाजार समिति ने अपने शताब्दी वर्ष के मौक पर बाजार को झिलमिल करती सतरंगी रोशनी से सजा रखा था। इस खुशी पर बाजार को बंद भी रखा गया था। शताब्दी वर्ष समारोह में बाजार समिति ने भामाशाह सम्मान भी प्रदान किए। भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। मोतीगंज को आदर्श गल्ला मंडी घोषित करने की मांग भी उठी।

श्रीमोतीगंज खाद्य व्यापार समिति के स्वर्ण शताब्दी समारोह बाजार परिसर में ही हुआ। इसका शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर अतिथियों ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा कि मोतीगंज का इतिहास आपकी पीढ़ियों तक पहुंचे इसके लिए लेखनी में इतिहास को संजोने की जरूरत है। साथ ही ऐसे कार्यक्रमों में व्यापारी अपने परिवारों को भी शामिल किया करें ताकि उन्हें अपने पूर्वजों के व्यापार के गौरवशाली इतिहास की जानकारी हो सके।

समारोह जय व्यापारी, जय व्यापार और व्यापारी एकता जिन्दाबाद के नारों से समस्त परिसर गूंजता रहा। अध्यक्ष महावीर मंगल और महामंत्री शैलेन्द्र अग्रवाल ने समिति के सदस्यों से कदम से कदम मिलाकर साथ चलने की उम्मीद जताते हुए, सभी का स्वागत किया।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ.बबिता चौहान ने कहा कि साल तब बढ़ते हैं जब लोगों का हम पर विश्वास होता है। समाज की महत्वपूर्ण कड़ी और देश की धुरी हैं व्यापारी।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने व्यापारियों को देशभक्त और समाजसेवक बताते हुए कहा कि मोतीगंज बाजार पुरानी चुंगी कहलाता था, जहां से स्वतंत्रता आंदोलन प्रारम्भ हुए। देश में जब भी क्रांति आई, व्यापारियों का विशेष योगदान रहा। स्वतंत्रता आंदोलन हो, आपातकाल या फिर कोरोना काल। व्यापारी सरकार को टैक्स के रूप में और समाज को सेवा के रूप में हमेशा देता रहता है।

एमएलसी विजय शिवहरे ने कहा कि एक व्यापारी की मूल समस्या रहती है कि वह घर से प्रतिष्ठान तक और प्रतिष्ठान से घर तक सुरक्षित पहुंचे। यह सुरक्षा मुख्यमंत्री योगी के कार्यकाल में सम्भव हो सकी है।

श्रीमनःकामेश्वर मंदिर के महन्त योगेश पुरी ने सभी व्यापारियों को स्वर्ण शताब्दी समारोह की शुभकामनाएं दीं। धन्यवाद ज्ञापन देते हुए पूर्व अध्यक्ष रमन लाल गोयल ने कहा कि जब-जब देश पर आपदा आई, समिति हमेशा सहयोग के लिए आगे आई।

इस अवसर पर मुख्य रूप से श्रीनाथ बंसल, कृष्ण कुमार मित्तल, मयंक मंगल, अखिलेश गोयल, मोहित गर्ग, संजीव सिंघल, प्रमोद कुमार गुप्ता, रविन्द्र गुप्ता, सुभाष चंद गुप्ता, डॉ. एसपी सिंह, पवन कुमार गोयल, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग प्रचारक बीडी अग्रवाल, घनश्याम दास अग्रवाल, भगवान दास बंसल, सलिल गोयल, व्यापार मण्डल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, संघ की मौजूदगी उल्लेखनीय थी।

इन्हें मिला भामाशाह सम्मान

आगरा। व्यापारिक क्षेत्र में विशेष सहयोग के लिए उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गिर्राज अग्रवाल, मुकेश चंद अग्रवाल, राकेश कुमार ग्रवाल, संतोष कुमार अग्रवाल को सपरिवार शॉल पहनाकर भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया गया। सभी का संक्षिप्त परिचय भी दिया गया।

इसके अलावा हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन, किशन अग्रवाल, सेवा आगरा के अध्यक्ष मुरारीलाल गोयल व मोतीगंज का इतिहास खोजने वाले स्व.कालीचरण तिवारी के पौत्र शगुन तिवारी को भी सम्मानित किया गया। 90 वर्षीय व्यापारी रोशनलाल गुप्ता, सुनील कुमार अग्रवाल, लक्ष्मी नारायण अग्रवाल, रामू भाई, अशोक बाबू, मनोज कुमार अग्रवाल को भी सम्मानित किया गया।

भक्तिमय कार्यक्रमों से सजी स्वर्ण शताब्दी समारोह की शाम

आगरा। सुबह हनुमान चालीसा के पावन पाठ के साथ हुआ था श्रीमोती गंज खाद्य व्यापार समिति के स्वर्ण शताब्दी समारोह का शुभारम्भ। ढोलक, मंजीरों के स्वरलहरियों संग भक्ति में मस्त होकर सभी व्यापारियों ने भक्तिभाव के साथ सुन्दर काण्ड का पाठ किया।

संध्या काल में वृन्दावन की मंडली द्वारा महारास व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मयूर नृत्य और फूलों की होली जैसे भक्तिमय कार्यक्रम पर व्यापारी भी भक्ति में मस्त होकर खूब झूमे। समस्त बाजार में आज विशेष उत्साह व उमंग बिखरी हुई थी। सुबह से शाम तक आज सभी व्यापारियों ने इस मौके की खुशियां बांटी। भंडारा भी किया गया।


Discover more from Up18 News

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Dr. Bhanu Pratap Singh