आगरा। खारी नदी के उफान ने सोमवार को किरावली तहसील क्षेत्र के गांव जैगारा में दिल दहला देने वाला हादसा कर दिया। ईको गाड़ी में लौट रहे दो युवक वाहन के बीच धारा में फंसने पर कूदकर जान बचाने की कोशिश में नदी के भंवर में समा गए। चालक तो गाड़ी लेकर फरार हो गया, लेकिन दोनों युवक अब तक लापता हैं। घटना से गांव में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस-पीएसी के गोताखोर लगातार तलाश अभियान चला रहे हैं।
जैगारा में यह हादसा तब हुआ जब गांव जोतराज बसैया से आ रही एक अज्ञात संख्या वाली ईको गाड़ी में सवार अभिषेक (15 वर्ष) पुत्र भूदेव सिंह निवासी जैगारा और रवी (20 वर्ष) पुत्र रामबाबू निवासी जौतराज वसैया अपने गांव लौट रहे थे। खारी नदी के उफनते रपटे पर गाड़ी बीच धारा में फंस गई।
ईको गाड़ी बहने की आशंका से दोनों युवकों ने पानी में छलांग लगा दी, लेकिन खारी नदी के तेज बहाव और भंवरों में फंसकर दोनों डूब गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों को तैरना नहीं आता था, जिससे वे गहराई में समा गए। इस दौरान ईको चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया।
जैसे ही घटना की खबर ग्रामीणों तक पहुंची, गांव में कोहराम मच गया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम पहुंची और युवकों की तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
युवकों की तलाश के लिए पीएसी के गोताखोर बुलाए गए हैं। समाचार लिखे जाने तक दोनों युवक लापता हैं। मौके पर लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
घटनास्थल पर विधायक चौधरी बाबूलाल, एसडीएम नीलम तिवारी, एसीपी सैया, तहसीलदार दीपांकर और थाना प्रभारी कागारौल सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे और रेस्क्यू अभियान का जायजा लेते रहे।
- मां पीतांबरा के जयकारों से गूंजी ताजनगरी: भव्य वेद यात्रा का पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत; 2151 कुंडीय महायज्ञ के लिए जनजागरण तेज - November 2, 2026
- यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट से पहले दल-बदल की राजनीति तेज: सपा-भाजपा में आवाजाही जारी; पश्चिमी यूपी में नए सियासी समीकरण की बिसात - November 2, 2026
- अपने वाले ठाकुर जी की एक भी फोटो देख लो, खड़े भी होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े… टिप्पणी कर विवादों में घिरे धीरेंद्र शास्त्री: सपा बोली— “भाजपा के इशारे पर हो रही बयानबाजी” - November 2, 2026