आगरा। एत्मादपुर क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन अब आमजन की जान पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। बरहन रोड स्थित ममता देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज के पास शनिवार सुबह मिट्टी से भरे एक डंपर ने मोटरसाइकिल सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक की पहचान टूंडला क्षेत्र के मनीगढ़ी निवासी तिलक सिंह के रूप में हुई है, जो शनिवार सुबह मोटरसाइकिल से आगरा काम पर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रहे मिट्टी से लदे डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि डंपर अवैध रूप से खनन की गई मिट्टी लेकर जा रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि तिलक सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तिलक सिंह अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चे छोड़ गया है। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
गौरतलब है कि एत्मादपुर क्षेत्र में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे ठीक एक दिन पहले इसी इलाके में मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूल जाते समय एक छात्र को कुचल दिया था, जिसमें उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई थी। लगातार दो दिनों में हुई दो दर्दनाक घटनाओं ने प्रशासनिक व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से खुलेआम अवैध मिट्टी खनन चल रहा है। भारी डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली दिन-रात बिना किसी डर के सड़कों पर दौड़ते हैं। न तो गति पर कोई नियंत्रण है और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम, जिससे स्कूली बच्चों, मजदूरों और आम राहगीरों की जान हर वक्त खतरे में बनी रहती है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने सरकारी जमीन से मिट्टी चोरी के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन इसके बावजूद अवैध खनन का कारोबार बेखौफ जारी है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर खनन माफियाओं को किसका संरक्षण प्राप्त है और कार्रवाई केवल कागजी औपचारिकताओं तक ही क्यों सीमित है।
घटनाओं से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध मिट्टी खनन पर तत्काल और स्थायी रोक लगाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, फरार डंपर चालक की जल्द गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर कड़ा नियंत्रण लगाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। वहीं बढ़ते जनआक्रोश के बीच अब सबकी निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
- श्रावस्ती में रिश्तों को कलंकित करने वाली घटना: मायके जाकर टीका लगवाने की जिद पर ससुर ने की 8 माह की गर्भवती बहू की पीट-पीटकर हत्या; आरोपी गिरफ्तार - October 28, 2026
- श्रावस्ती में रिश्तों को कलंकित करने वाली घटना: मायके जाकर टीका लगवाने की जिद पर ससुर ने की 8 माह की गर्भवती बहू की पीट-पीटकर हत्या; आरोपी गिरफ्तार - October 28, 2026
- दिवाली से पहले यूपी के श्रमिकों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, न्यूनतम मजदूरी में बढ़ोतरी - October 28, 2026