आगरा। सोशल मीडिया पर दबंगई और रुतबा दिखाने के लिए हथियारों का नुमाइश करने का रुझान थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसा ही एक प्रकरण आगरा के फतेहाबाद इलाके से सामने आया है, जहां एक वैवाहिक समारोह के दौरान युवक ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद फतेहाबाद पुलिस हरकत में आई और जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त रिवॉल्वर का लाइसेंस भी जब्त कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो 20 नवंबर 2026 को हुए एक शादी समारोह का बताया जा रहा है। समारोह के दौरान युवक ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुलेआम हवाई फायरिंग की थी, जिसमें सुरक्षा मानकों की पूरी तरह अनदेखी दिखी। बाद में इस फायरिंग का वीडियो इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया मंचों पर वायरल हो गया, जिससे यह मामला पुलिस की नजर में आ गया।
वायरल फुटेज की पड़ताल में हुई फायरिंग की पुष्टि
वीडियो सामने आने के उपरांत थाना फतेहाबाद पुलिस ने इसकी गहन जांच शुरू की। पड़ताल में वीडियो के भीतर दिखाई दे रही हर्ष फायरिंग की घटना की पुष्टि हो गई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर गोली चलाने वाले युवक की पहचान ऋषभ गुर्जर, निवासी गढ़ी दरियाब के रूप में की। शादी जैसे आयोजन में लाइसेंसी हथियार से इस तरह की फायरिंग को पुलिस ने गंभीरता से लिया।
मुकदमा दर्ज कर आरोपी गिरफ्तार, लाइसेंस भी जब्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया और तत्परता दिखाते हुए आरोपी ऋषभ गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही रिवॉल्वर का लाइसेंस भी जब्त करने की कार्रवाई की गई है। एसीपी इमरान अहमद ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के बाद केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उसके शस्त्र लाइसेंस को जब्त कर लिया गया है। प्रकरण में आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
कानूनन जुर्म है हर्ष फायरिंग, पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों या समारोहों में हर्ष फायरिंग करना दंडनीय अपराध है। लाइसेंसी असलहे का इस प्रकार दुरुपयोग करने पर लाइसेंस निरस्तीकरण व जब्ती के साथ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाती है। सोशल मीडिया पर महज कुछ पलों का रौब जमाने की यह प्रवृत्ति दूसरों की जिंदगी के लिए बड़ा खतरा बन सकती है, जिस पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।
- दयालबाग के महाकालेश्वर मंदिर में लायंस क्लब प्रयास ने कराया 7 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह: घोड़ों पर सवार होकर पहुंचे दूल्हे - November 22, 2026
- ‘भौकाल’ बनाने के लिए शादी के दौरान हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल: आरोपी गिरफ्तार, रिवॉल्वर का लाइसेंस जब्त - November 22, 2026
- टप्पल से लौट रही बारात पर आगरा में घात लगाकर हमला: लाठी-डंडों और सरियों से पीटा, 5 बाराती लहूलुहान - November 22, 2026