Agra News: होली पब्लिक स्कूल में गूंजा ‘जीव दया’ का संदेश, विदेशी नहीं, देसी श्वानों को अपनाएं; बच्चों ने लिया जीव रक्षा का संकल्प

PRESS RELEASE

आगरा। शास्त्रीपुरम स्थित होली पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को पर्यावरण और जीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘कैस्पर्स होम’ और ‘लॉयन्स क्लब आगरा यशकीर्ति’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी के मन में पशुओं के प्रति करुणा और सहअस्तित्व की भावना जाग्रत करना था।

विदेशी नस्ल का मोह छोड़ें, देसी श्वानों से बढ़ाएं दोस्ती

कैस्पर्स होम की चेयरपर्सन विनीता अरोरा ने बच्चों को संबोधित करते हुए एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा, “विदेशी नस्ल के महंगे श्वान पालना केवल एक दिखावा हो सकता है, लेकिन हमारे अपने भारतीय (देसी) श्वानों को संरक्षण देना मानवता है। यदि इन्हें प्रेम, भोजन और देखभाल मिले, तो ये सबसे वफादार मित्र साबित होते हैं।” उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 51(जी) और अनुच्छेद 21 का हवाला देते हुए बताया कि पशुओं के प्रति दया भाव रखना हमारा मौलिक कर्तव्य है।

संवेदनशील समाज के लिए बच्चों की जागरूकता जरूरी

लॉयन्स क्लब की चार्टर प्रेसिडेंट रोमा सिंह ने पशु कल्याण से जुड़े कानूनों की जानकारी देते हुए कहा कि स्थानीय श्वानों की देखभाल के प्रति संवेदनशीलता एक जिम्मेदार समाज की नींव है। विद्यालय की प्रधानाचार्य श्वेता राठौर ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ जीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना शिक्षा का अहम हिस्सा है।

बच्चों ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम के दौरान कई छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक बताया कि वे किस तरह अपने घर के आसपास रहने वाले जानवरों के लिए दाना-पानी और भोजन की व्यवस्था करते हैं। इस अवसर पर विकास अग्रवाल, सतपाल, शिवानी वर्मा और शिवम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh