आगरा। ताजनगरी में सोशल मीडिया पर रील बनाकर ‘सिंघम’ बनने की कोशिश एक कथित सपा नेता को महंगी पड़ गई। जगदीशपुरा क्षेत्र की एंथम सोसाइटी में रहने वाले दामा यादव ने इंस्टाग्राम पर एक स्टंट रील पोस्ट की, जिसमें पुलिस की छवि धूमिल करने वाला फिल्मी डायलॉग इस्तेमाल किया गया था। वीडियो वायरल होते ही आगरा पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
‘हजार में हवलदार और लाख में थाना’… डायलॉग ने फंसाया
वायरल रील में दामा यादव चलती कार की खिड़की से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करता नजर आ रहा है। वीडियो के बैकग्राउंड में एक विवादित डायलॉग चल रहा है “1000 में हवलदार, 10 हजार में इंस्पेक्टर और एक लाख में पूरा पुलिस स्टेशन खरीदने वाला सौदागर हूं।” पुलिस को चुनौती देने वाले इस वीडियो ने इंटरनेट पर बवाल मचा दिया, जिसके बाद अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुराना है स्टंटबाजी का इतिहास, लाइसेंस होगा निरस्त
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि दामा यादव पहले भी सड़क पर स्टंटबाजी और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के मामलों में फंस चुका है। बार-बार चेतावनी के बावजूद उसकी हरकतों में सुधार नहीं हुआ। इस बार पुलिस ने न केवल एफआईआर दर्ज की है, बल्कि आरोपी का ड्राइविंग लाइसेंस हमेशा के लिए निरस्त करने की संस्तुति भी की है।
पुलिस की चेतावनी: रील के चक्कर में न तोड़ें कानून
डीसीपी सिटी ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए सड़क पर स्टंट करना और कानून-व्यवस्था का मजाक उड़ाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अब दामा यादव के इंस्टाग्राम हैंडल की अन्य वीडियोज की भी जांच कर रही है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।
- आगरा के महाराजा सूरजमल इंटर कॉलेज जाट हाउस की सच्चाई जानकार हैरान रह जाएंगे, आंख बंद किए बैठे हैं जाट नेता - July 10, 2026
- शासन भी मेरा, प्रशासन भी मेरा…पुलिस चौकी के अंदर BJP नेत्री ने युवक को पीटा, FIR दर्ज; यूपी के सुल्तानपुर का वीडियो वायरल - July 9, 2026
- उद्घाटन से पहले लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे धंसने के सवाल पर बोले योगी सरकार के मंत्री – आप अपने आप सड़क बना लो… - July 9, 2026