आगरा: जीआरपी और आरपीएफ की टीमें शनिवार को उस समय भौंचक्की रह गईं, जब चेकिंग के दौरान दो लोगों के पास डेढ़ करोड़ रुपये की नकदी मिली। यह नकदी आगरा के सर्राफा बाजार से ट्रेन द्वारा नई दिल्ली की ओर ले जाई जा रही थी। नोटों के बैगों को थाना जीआरपी आगरा कैंट ले जाया गया। आयकर विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुला लिया गया। पुलिस और आयकर विभाग दोनों इस मामले में कार्रवाई में जुटे हुए हैं।
बताया गया है कि शनिवार की सुबह जीआरपी और आरपीएफ ने राजा मंडी रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध लोगों को पकड़ा। इनके पास दो बैग थे। बैगों को खोलकर देखा तो उनमें नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं। दोनों लोग नोटों के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
जीआरपी ने पुलिस और आयकर विभाग को इसकी जानकारी दी। दोनों आरोपियों को नोटों के बैग के साथ जीआरपी कैंट थाने लाया गया और अधिकारियों की मौजूदगी में मशीन मंगाकर नोटों की गिनती की गई। गिनती में करीब एक करोड़, 51 लाख रुपये के नोट निकले।
आयकर विभाग और पुलिस अधिकारियों की पूछताछ में दोनों लोगों ने बताया कि यह रकम उन्होंने आगरा की नमक की मंडी से उठाई थी और नई दिल्ली देने जा रहे थे। दिल्ली में यह रकम किसको सौंपनी थी वे यह नहीं बता सके। नोटों के बैगों के पकड़े जाने की सूचना पर फिरोजाबाद से एक कारोबारी भी जीआरपी थाने पहुंच गए। उन्होंने स्वीकार किया कि पकड़े गए लोग उनके आदमी हैं और उन्होंने आगरा में सोना बेचकर यह रकम उठाई थी और इस रकम को दिल्ली में किसी को देना था।
पुलिस और आयकर अधिकारी पूरे मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रहे हैं। व्यापारी के बयान की सत्यता की जांच की जा रही है और यह भी पता किया जा रहा है कि यह रकम दिल्ली में किसे और क्यों देनी थी।
फिलहाल पूरी रकम पुलिस के कब्जे में है। आयकर विभाग ने कानपुर कार्यालय से वारंट मंगा कर अगली कार्यवाही की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। ये देखा जायेगा कि यदि व्यापारी का कथन सत्य है तो सोने या नकदी का स्त्रोत क्या है, उस पर टैक्स दिया गया है या नहीं। उसी आधार पर जुर्माना व अन्य कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
- निजी अस्पतालों ने मोड़ा मुंह, आगरा के SNMC ने बचाई मासूम की जिंदगी: बच्ची की पीठ से सफल सर्जरी कर हटाई ‘फाइब्रोलाइपोमा’ गांठ - November 4, 2026
- आगरा के खंदौली में बंद मकान पर चोरों का धावा: दशहरे पर हुआ था गृह प्रवेश, लाखों के सोने-चांदी के जेवर, बैटरियां व सिलेंडर पार - November 4, 2026
- आगरा में साइबर ठगों का नया और शातिर जाल: बिजली मीटर अपडेट कराने के बहाने महिला के खाते से पार किए 5.48 लाख रुपये; पति को वीडियो कॉल कर दिया झांसा - November 4, 2026