लखनऊ। तेज तर्रार अफसरों में गिने जाने वाले 1988 बैच के आईएएस अफसर मनोज कुमार सिंह उत्तर प्रदेश के नए मुख्य सचिव बनाए गए हैं। कहा जा रहा था कि, दुर्गा शंकर मिश्रा को एक बार फिर से सेवा विस्तार मिल सकता है। हालांकि, चौथी बार उन्हें सेवा विस्तार नहीं मिला और मनोज कुमार सिंह प्रदेश के मुख्य सचिव बनाए गए। आज दोपहर ही मनोज कुमार सिंह अपना कार्यभार संभालेंगे। मनोज कुमार सिंह मुख्य सचिव और IIDC दोनों होंगे।
उत्तर प्रदेश को नया मुख्य सचिव मिल गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पसंदीदा अधिकारी मनोज सिंह को मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है, जो कि 1988 बैच के IAS अधिकारी हैं। इनका कार्यकाल जुलाई 2025 में समाप्त होगा। अभी तक उनके पास पंचायती राज विभाग, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण सहित 6 से ज्यादा विभागों और संस्थाओं की जिम्मेदारी थी। वहीं ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट-2023 में 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश करार में मनोज सिंह की प्रमुख भूमिका रही है।
झारखंड की राजधानी रांची शहर में जन्मे मनोज कुमार सिंह उत्तर प्रदेश शासन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वह राज्य के कृषि उत्पादन आयुक्त और राज्य के औद्योगिक विकास आयुक्त भी रह चुके हैं। इसके अलावा पंचायतराज विभाग और हॉर्टिकल्चर एंड फूड प्रोसेसिंग डिपार्टमेंट के अपर मुख्य सचिव के रुप में सेवाएं दे चुके हैं।
मनोज कुमार सिंह मूल रूप से झारखंड की राजधानी रांची शहर के निवासी हैं। वर्ष 1988 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अफसर हैं। वह गौतमबुद्ध नगर में पहली बार बतौर जिलाधिकारी 2 दिसंबर 1997 से 10 अप्रैल 1998 तक तैनात रहे। इसके बाद दूसरी तैनाती ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण में मुख्य कार्यपालक अधिकारी के रूप में हुई। तब 25 अप्रैल 2010 से 5 जुलाई 2010 छोटे कार्यकाल में काम किया था।
सीएम योगी के विश्वसनीय अफसर मनोज सिंह
मनोज सिंह को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सबसे विश्वसनीय अफसर माना जाता है। इनके पास कई अहम विभागों की जिम्मेदारी रही हैं और शासन की कई योजनाओं को जमीन पर उतारने में उनकी अहम भूमिका रही। इनकी नियुक्ति से सरकार को उम्मीद है कि प्रदेश में विकास कार्य और निवेश को और बढ़ावा मिलेगा। मनोज कुमार सिंह की गिनती यूपी के प्रभावशाली नौकरशाहों में होती रही है।
अफसरशाही में मुख्य सचिव के बाद सबसे ताकतवर अफसर के रूप में सामने आए हैं। उन्हें जब पिछले महीने आईआईडीसी के पद पर तैनाती मिली तो चर्चा हुई कि लंबे समय बाद किसी अधिकारी को कृषि उत्पादन आयुक्त और अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त की जिम्मेदारी एक साथ दी गई है।
दुर्गा शंकर मिश्र का कार्यकाल समाप्त
दरअसल, 1984 बैच के IAS अधिकारी दुर्गा शंकर मिश्र का कार्यकाल रविवार को (आज) समाप्त हो रहा है। उन्हें दिसंबर 2021 में सेवानिवृत्ति से ठीक पहले सेवा विस्तार देकर उत्तर प्रदेश का मुख्य सचिव बनाया गया था। इसके बाद, उन्हें दिसंबर 2022 में और फिर दिसंबर 2023 में सेवा विस्तार मिला। हालांकि अब उन्हें चौथा सेवा विस्तार नहीं मिला और शासन ने IAS मनोज कुमार सिंह को मुख्य सचिव की जिम्मेदारी सौंप दी है।
Compiled by up18News
- आगरा में भारत विकास परिषद अमृतम शाखा की अनूठी पहल: प्रतापपुरा स्थित प्रेमदान में ‘अन्न सेवा श्री हरि नारायण सेवा’ के तहत आयोजित हुआ भोजन वितरण - August 12, 2026
- ’एक थैला, एक संकल्प, एक बेहतर कल’: भाविप नवज्योति शाखा ने आगरा के बल्केश्वर चौराहे पर चलाया पॉलिथीन मुक्त अभियान - August 12, 2026
- हमें अमित शाह का भाषण सुनने में कोई दिलचस्पी नहीं… लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का तीखा हमला, इस्तीफे की मांग - August 12, 2026