आगरा (अछनेरा)। अनाज व्यापार में बड़ी ठगी का खुलासा करते हुए थाना अछनेरा पुलिस ने बाजरे की ठगी करने वाले शातिर दलाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी कंपनी और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे दो ट्रक बाजरा बेचकर करीब 12.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने उसके पास से 8 लाख रुपये नकद, फर्जी आधार-पैन-आईडी, दो मोबाइल फोन और ठगी में प्रयुक्त कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी रजत, निवासी श्रीगंगानगर, ने खुद को बड़ा व्यापारी और दलाल बताकर आढ़तियों को अधिक दाम का लालच दिया। उसने व्हाट्सऐप पर व्यापारियों का समूह बनाकर बाजरे की खरीद के सौदे किए और पूनम ट्रेडिंग कंपनी, हिसार के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर तीन ट्रक बाजरा मंगाने का ऑर्डर दिया।
दो ट्रक बिके, तीसरे पर खुली साजिश
नवीन गल्ला मंडी अछनेरा के आढ़तिया किशन चंद अग्रवाल ने भरोसा कर 17 जनवरी को दो ट्रक बाजरा भेज दिया। आरोपी ने दोनों ट्रक हिसार में बेचकर रकम हड़प ली। तीसरे ट्रक के समय उसका मोबाइल बंद मिला और बताए गए पते पर कोई कंपनी मौजूद नहीं पाई गई। शक होने पर पीड़ित ने थाने में तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
बैरियर चेकिंग में गिरफ्तारी
जांच के दौरान मिली सूचना पर पुलिस ने व्यारा चौकी के सामने बैरियर चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने फर्जी बिल्टी और दस्तावेजों के जरिए ठगी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक नवजीत सिंह, उपनिरीक्षक प्रवीन पटेल, हेड कांस्टेबल अनुराग त्यागी और कांस्टेबल अंकुर कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।
- शायरी और सुरों का अलौकिक संगम: जावेद अख्तर और मोहम्मद वकील लेकर आए नई रूहानी ग़ज़ल ‘बाज़ाहिर क्या है’ - October 27, 2026
- नितेश तिवारी की ‘रामायण’ के लिए यश का बड़ा मास्टरस्ट्रोक: कर्नाटक में फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन की कमान संभालेंगी ‘मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस’ - October 27, 2026
- यशराज फिल्म्स की नई फिल्म ‘बेपरवाह’ का ऐलान: अहान पांडे और शरवरी की फ्रेश जोड़ी बड़े पर्दे पर मचाएगी धमाल - October 27, 2026