आगरा, फतेहपुर सीकरी: बृहस्पतिवार (12 जून 2025) दोपहर काम पर गई एक महिला की हत्या कर उसके शव को सीकरी के सामरा दाउदपुर मार्ग के किनारे खेतों में फेंक दिया गया। मृतका के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी हलवाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है।
शुक्रवार (13 जून 2025) सुबह सामरा दाउदपुर मार्ग पर खेतों में एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव के पास ही दो हँसिये (धारदार हथियार) और कुछ दूरी पर शराब की खाली बोतल भी पड़ी मिली। महिला की गर्दन और पेट पर चोट के गहरे निशान थे, जिससे साफ लग रहा था कि उसकी हत्या की गई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त के प्रयास किए। बाद में, शव की पहचान सीमावर्ती राजस्थान के गहनोली मोड़ थाना अंतर्गत गांव सैदपुरा निवासी लक्ष्मी (उम्र 40 वर्ष) के रूप में हुई। मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
मृत महिला लक्ष्मी के पुत्र राहुल ने पुलिस को बताया कि उसकी मां गांव में एक दुकान चलाती थी और शादी-ब्याह में हलवाइयों के साथ काम करने भी जाती थीं। राहुल के अनुसार, बृहस्पतिवार दोपहर 2 बजे लक्ष्मी भरतपुर के गोपालगढ़ निवासी पप्पू हलवाई के साथ काम पर जाने की बात कहकर निकली थीं।
राहुल ने यह भी बताया कि उनके पिता साहब सिंह की 7 वर्ष पहले हत्या कर दी गई थी और उनकी मां ही मजदूरी व दुकान चलाकर तीन बेटियों और दो बेटों का पालन-पोषण कर रही थीं।
पुलिस ने मृत महिला के पुत्र राहुल की तहरीर पर भरतपुर निवासी पप्पू हलवाई के खिलाफ हत्या का अभियोग (केस) पंजीकृत कर लिया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब वांछित आरोपी पप्पू हलवाई की तलाश में जुट गई है। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
- आगरा के व्यापारियों के हितों के लिए कैट जिला इकाई आई आगे: हर छोटी-बड़ी समस्या की लड़ाई में साथ देने का किया ऐलान - August 23, 2026
- आगरा के वार्ड 79 मोती कुंज में सीवर लीकेज से नरक बनी जिंदगी: पिछले एक महीने से गंदे पानी के बीच गुजरने को मजबूर हैं लोग - August 23, 2026
- ’चित्रकला के रंग कान्हा जी के संग’: संस्कार भारती और मां आलय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुई प्रतियोगिता, बच्चों ने दिखाई सृजनशीलता - August 23, 2026