आगरा: ताजनगरी के ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित लक्ष्मी वाटिका में मंगलवार को आयोजित एक होली मिलन समारोह विवादों की भेंट चढ़ गया। भारत रक्षा मंच के तत्वावधान में आयोजित इस वैश्य समाज के कार्यक्रम में यूजीसी (UGC) मुद्दे को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। मंच पर हुई तीखी बहस और बढ़ते हंगामे को देखते हुए आयोजकों को कार्यक्रम बीच में ही संक्षिप्त कर समाप्त करना पड़ा।
यूजीसी विरोध पर भिड़े वकील
मिली जानकारी के अनुसार, समारोह के दौरान यूजीसी के विरोध में चल रहे आंदोलन में समाज की ओर से खुलकर भागीदारी करने की अपील की गई। इसी आह्वान को लेकर विष्णु गुप्ता एडवोकेट और भारत सिंह एडवोकेट के बीच वैचारिक मतभेद शुरू हुआ, जिसने जल्द ही तीखी नोकझोंक का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के समर्थक भी आपस में उलझ गए, जिससे माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
बड़ी झड़प से पहले खत्म किया कार्यक्रम
मंच पर मर्यादाएं टूटती देख संगठन के वरिष्ठ सदस्य कृष्ण मुरारी माहेश्वरी एडवोकेट ने तत्परता दिखाई। संभावित हिंसा और टकराव को टालने के लिए उन्होंने कार्यक्रम को तत्काल समेटने का निर्णय लिया। आनंद-फानन में अध्यक्षीय भाषण कराकर समारोह को औपचारिक रूप से समाप्त घोषित कर दिया गया।
गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
इस कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामकुमार शर्मा, पूर्व पार्षद मोहन गुप्ता, जेडी शर्मा, कृष्ण मुरारी माहेश्वरी एडवोकेट, हिंदू कल्याण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, पंकज गुप्ता, गुड्डू परिहार, रूप सिंह और सचिन गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
होली मिलन जैसे सौहार्दपूर्ण आयोजन में राजनीतिक और विवादित मुद्दे की एंट्री ने चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। हालांकि कोई शारीरिक झड़प नहीं हुई, लेकिन मंच पर हुआ यह टकराव शहर की भावी सियासी हलचल की ओर इशारा कर रहा है।
- दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान 2026: केंद्रीय हिंदी संस्थान के वरिष्ठ आचार्य प्रो. उमापति दीक्षित सम्मानित - September 11, 2026
- दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान 2026: केंद्रीय हिंदी संस्थान के वरिष्ठ आचार्य प्रो. उमापति दीक्षित सम्मानित - September 11, 2026
- पर्यावरण संरक्षण की पहल: आगरा में ‘एक पेड़ राष्ट्र के नाम’ अभियान के तहत विभिन्न संस्थानों में हुआ पौधारोपण - September 11, 2026