आगरा: ताजनगरी के थाना अछनेरा क्षेत्र के सहाई गांव में होली के पर्व पर दबंगई का नंगा नाच देखने को मिला। सहाई पेट्रोल पंप के सामने एक कॉलोनी में रहने वाले परिवार पर गांव के ही चार दबंग युवकों ने लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया। इस हमले में दंपति, उनके बेटे और बेटी को बेरहमी से पीटा गया। दबंगों ने युवक का सिर ईंट मारकर फोड़ दिया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप
पीड़िता गीता देवी के अनुसार, उनका बेटा अंकित होली मनाने घर पर था और उसका एक दोस्त उससे मिलने आया था। जैसे ही दोस्त घर पहुंचा, गांव के चार युवक वहां आ गए और उससे बेवजह कहासुनी करने लगे। उस वक्त अंकित के पिता और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया और दोस्त घर के अंदर चला गया।
घात लगाकर किया हमला
करीब 10 मिनट बाद जब अंकित अपने दोस्त को दरवाजे तक छोड़ने आया, तो पहले से घात लगाए बैठे चारों दबंगों ने फिर से हमला बोल दिया। अंकित ने जब अपने दोस्त को बचाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उसे और उसके पिता को निशाना बना लिया। बीच-बचाव करने आई अंकित की बहन और मां गीता देवी को भी डंडों से पीटा गया। हमलावरों ने अंकित के सिर पर ईंट से कई प्रहार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
गांव में दहशत, सुरक्षा की मांग
चीख-पुकार सुनकर जब ग्रामीण मौके पर जमा होने लगे, तो चारों हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। घायल परिवार तुरंत थाना अछनेरा पहुंचा, जहां से पुलिस ने उन्हें मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। इस घटना के बाद से सहाई पेट्रोल पंप क्षेत्र की कॉलोनी में रहने वाले लोग दहशत में हैं और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
- दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान 2026: केंद्रीय हिंदी संस्थान के वरिष्ठ आचार्य प्रो. उमापति दीक्षित सम्मानित - September 11, 2026
- दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान 2026: केंद्रीय हिंदी संस्थान के वरिष्ठ आचार्य प्रो. उमापति दीक्षित सम्मानित - September 11, 2026
- पर्यावरण संरक्षण की पहल: आगरा में ‘एक पेड़ राष्ट्र के नाम’ अभियान के तहत विभिन्न संस्थानों में हुआ पौधारोपण - September 11, 2026