आगरा: ताजनगरी में औद्योगिक विकास को गति देने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने और बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एण्ड कॉमर्स के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन के समक्ष जोरदार आवाज उठाई है। चैम्बर सभागार में अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल की अध्यक्षता में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल और उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह के समक्ष 13 सूत्रीय मांगपत्र रखा गया। इस बैठक में मुख्य रूप से आगरा में आईटी सिटी की स्थापना, नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास और ताज ट्रेपेजियम जोन (TTZ) क्षेत्र में गैर-प्रदूषणकारी उद्योगों की अनुमति प्रक्रिया को सरल बनाने पर विस्तार से मंथन किया गया।
आईटी सिटी की स्थापना और युवाओं का पलायन रोकने पर जोर
बैठक के दौरान पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने आगरा में आईटी सेक्टर के विकास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सुझाव दिया कि शहर में ‘आईटी कॉन्क्लेव’ और ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट’ आयोजित की जानी चाहिए, जिससे टीसीएस, इन्फोसिस, विप्रो और एचसीएल जैसी दिग्गज आईटी कंपनियों को आगरा में निवेश के लिए आकर्षित किया जा सके। उन्होंने चिंता जताई कि रोजगार के पर्याप्त अवसर न होने के कारण हर साल 15 से 20 हजार युवा अन्य महानगरों में पलायन करने को मजबूर हैं। यदि शहर में आईटी उद्योग स्थापित होते हैं, तो इस पलायन पर प्रभावी रोक लग सकती है। इसके लिए ग्रेटर आगरा और आगरा-मथुरा रोड के क्षेत्रों को उपयुक्त बताया गया।
उद्योगों की स्थापना और एनओसी प्रक्रियाओं को सरल बनाने की मांग
चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने कहा कि ताज संरक्षित क्षेत्र (TTZ) में व्हाइट कैटेगरी के गैर-प्रदूषणकारी उद्योगों की स्थापना के लिए नीरी (NEERI), सीईसी (CEC) और टीटीजेड प्राधिकरण की संयुक्त समिति से अनुमति लेनी पड़ती है, जिसकी प्रक्रिया बेहद जटिल होने के कारण उद्यमियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने नियमों को सरल बनाने के साथ-साथ नुनिहाई, फाउंड्री नगर और सिकंदरा क्षेत्रों में भूमि की भारी कमी को देखते हुए शहर में एक नया और आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की मांग की।
पूर्व अध्यक्ष अतुुल कुमार गुप्ता ने यूपीसीडा द्वारा वसूले जा रहे 35 रुपये प्रति वर्गमीटर के मेंटेनेंस शुल्क को अत्यधिक बताते हुए इसमें कटौती करने और औद्योगिक भूखंडों को लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड करने की वकालत की। उन्होंने कहा कि उद्यमियों पर रखरखाव शुल्क के साथ-साथ जल निगम का जलकर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन रहा है।
टोल्स हटाने, बिजली कनेक्शन और साइबर ठगी पर चर्चा
पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल ने उत्तरी व दक्षिणी बाईपास तथा इनर रिंग रोड पर से टोल टैक्स पूरी तरह समाप्त करने की मांग की, ताकि बाहरी और भारी वाहन शहर के बाहर से निकल सकें और नागरिकों को जाम, दुर्घटनाओं व प्रदूषण से राहत मिल सके। इसके अलावा टोरंट पावर द्वारा छोटे व्यावसायिक बिजली कनेक्शन के लिए अनिवार्य रूप से फायर एनओसी मांगे जाने के मुद्दे को भी उठाया गया। साथ ही, ग्रीन गैस और गेल गैस के बिलों के नाम पर व्हाट्सएप पर आ रही फर्जी एपीके (APK) फाइलों के जरिए हो रही साइबर ठगी के प्रति व्यापक जन-जाग जागरूकता अभियान चलाने का सुझाव दिया गया।
श्रम विभाग के उत्पीड़न और ओडीओपी में शामिल करने की उठी मांग
पूर्व अध्यक्ष श्रीकिशन गोयल ने श्रम विभाग में फर्जी शिकायतों के आधार पर उद्यमियों के हो रहे कथित उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही एटा की ओर जाने वाली निजी बसों का संचालन रामबाग के बजाय टेढ़ी बगिया से कराए जाने का सुझाव दिया। उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने आगरा के पारंपरिक ब्रश और चांदी उद्योग को ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ODOP) योजना तथा प्रसिद्ध बेड़ई को ‘ओडीओसी’ योजना में शामिल करने का आग्रह किया। पर्यटन प्रकोष्ठ के चेयरमैन प्रहलाद अग्रवाल ने कई वर्षों से बंद ‘पर्यटन बंधु’ की बैठकों को दोबारा नियमित रूप से शुरू कराने की बात कही।
जिलाधिकारी ने दिया शीघ्र समाधान का आश्वासन
उद्यमियों की समस्याएं और सुझाव सुनने के बाद जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि चैम्बर द्वारा उठाए गए सभी मुद्दे आगरा के समग्र औद्योगिक और शहरी विकास के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि इन सभी समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों (जैसे यूपीसीडा, बिजली विभाग, नगर निगम और उद्योग विभाग) के अधिकारियों के साथ जल्द ही एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। शासन स्तर से जुड़े मामलों को भी नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए प्रेषित किया जाएगा।
बैठक का कुशल संचालन पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूर्व अध्यक्ष अनिल वर्मा द्वारा दिया गया। इस दौरान प्रशांत जैन, विनय मित्तल, केके पालीवाल, एसएस गोयल, योगेन्द्र कुमार सिंघल, राजीव अग्रवाल, शलभ शर्मा, मनोज कुमार गुप्ता, संजय अरोरा, राजेन्द्र कुमार अग्रवाल, विजय कुमार गुप्ता, प्रशांत मित्तल, नितिन अग्रवाल, संजय कुमार गोयल, शैलेन्द्र बंसल, सचिन सरस्वती, मयंक मित्तल, अशोक अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, सुरेश चंद बंसल, राकेश सिंघल, राजेन्द्र गर्ग, अनूप गोयल, अशोक गोयल, अमित बंसल, सुनील सिंघल, नारायन भरानी, धर्मगोपाल मित्तल, गिरीश चंद गोयल, राकेश चौहान, मयंक कुमार अग्रवाल, देवेन्द्र गोयल, अखिलेश कुमार दूबे, विकास मेहरा, पीके अग्रवाल, राजकुमार भगत और केडी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में शहर के प्रमुख उद्यमी और चैम्बर सदस्य उपस्थित रहे।
- कंगना रनौत के खिलाफ किसानों के अपमान और राजद्रोह मामले में बहस पूरी: स्पेशल कोर्ट एमपी-एमएलए 1 दिसंबर को सुनाएगी फैसला - November 17, 2026
- आगरा में आईटी सिटी और नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की मांग: नेशनल चैम्बर ने डीएम मनीष बंसल को सौंपा 13 सूत्रीय मांगपत्र - November 17, 2026
- आगरा की राजनीति में गरमाया महाराणा सांगा की प्रतिमा स्थापना का मुद्दा: सपा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास के पास सजेगा मेवाड़ के वीर योद्धा का स्मारक - November 17, 2026