आगरा: जिले में आज सुबह जमीनी विवाद में बड़े भाई ने अपने दो छोटे भाइयों को कुल्हाड़ी से काट डाला। इस दौरान बीच-बचाव के लिए आए पिता पर भी हमला कर घायल कर दिया। उन्हें नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रीतिंदर सिंह मौके पर पहुंच गए। हत्यारोपी तीन भाई मौके से फरार हैं।
पूरी घटना थाना कागारौल के ग्राम गढ़ी कालिया की है। यहां राजेंद्र सिंह अपने पांच बेटों के साथ रहते हैं। उनकी पुश्तैनी जमीन है। उनके दो लड़के मथुरा में रहकर नौकरी करते हैं। आज वे भी गांव आए हुए थे। गांव में रहने वाले तीन बेटे जमीन का बंटवारा चाहते थे। इसको लेकर घर में विवाद होता था।
सुबह भी घर में जमीन के बंटवारे को लेकर पंचायत हो रही थी। आरोप है कि इसी बीच बड़े भाई कलुआ ने डंडा निकाल लिया। उसने अपने छोटे भाइयों सोम प्रकाश और हेमप्रकाश के सिर पर वार किए। इसके बाद कलुआ दौड़कर अंदर कमरे में गया और कुल्हाड़ी निकाल लाया। मारपीट के बीच उसने दोनों पर कुल्हाड़ी से वार किए। दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। इसी बीच पिता राजेंद्र सिंह, भाइयों के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने के लिए कलुआ को समझाने लगे। आरोप है कि पिता पर भी उसने हमला कर दिया। इसमें वह घायल हो गए। उन्हें एस एन मेडिकल कॉलेज में एडमिट कराया गया है।
गांव के लोग भी शोर सुनकर इकट्ठा हो गए तो हमलावर और उसका समर्थन कर रहे दोनों भाई वहां से भाग निकले। गांव वालों से पूछताछ में पता चला है कि पिता ने दो भाइयों के नाम जमीन कर दी थी। इस पर तीन भाई नाराज थे। एक भाई अपने नाम जमीन करवाना चाह रहा था। इसको लेकर ही पंचायत थी।
- यूपी की यूनिवर्सिटी में स्कूटी योजना को लेकर विवाद, शिक्षक संघ ने चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी और नकल माफिया की मिलीभगत का लगाया आरोप - October 21, 2026
- लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किए PDA यात्रा रथ: बोले— “समाजवाद और राम राज्य एक ही, दोनों में विश्वास रखने वाले ही हैं सच्चे सनातनी” - October 21, 2026
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026