आगरा: आगरा मेट्रो के फतेहाबाद रोड मेट्रो स्टेशन पर मंगलवार को सुरक्षा जांच के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री के बैग से जिंदा कारतूस बरामद हुआ। स्टेशन पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने एक्स-बीआईएस (X-BIS) स्कैनिंग मशीन के जरिए इस कारतूस को पकड़ा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
स्कैनिंग में खुला राज
मिली जानकारी के अनुसार, यात्री उमेश कुमार जब स्टेशन के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच से गुजर रहा था, तभी स्कैनिंग मशीन के मॉनिटर पर बैग के भीतर एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। सुरक्षा कर्मियों ने जब बैग को खोलकर सघन तलाशी ली, तो उसमें से BMM-KF मार्का का एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
सूचना मिलते ही थाना ताजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और यात्री को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उमेश कुमार के बैग से कारतूस के अलावा एक मोबाइल चार्जर, कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और एक टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस ने कारतूस को अपने कब्जे में लेकर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया यात्री
प्रारंभिक पूछताछ में यात्री उमेश कुमार कारतूस अपने पास होने के संबंध में कोई ठोस या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह कारतूस किसी लाइसेंसी हथियार का है या इसे किसी अन्य अवैध उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। साथ ही यात्री के पिछले रिकॉर्ड और उसके गंतव्य के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर अलर्ट
मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त है और नियमित सघन जांच के कारण ही इस तरह की संदिग्ध वस्तुओं को समय रहते पकड़ लिया जाता है। इस घटना के दौरान कुछ देर के लिए स्टेशन पर यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया।
- आगरा में सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कमला नगर पुलिस ने लोहिया नगर में मारा छापा, पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार - September 29, 2026
- Agra News: पैर में फ्रैक्चर होने के कारण सीढ़ियां नहीं चढ़ सकी महिला, एसीपी इमरान अहमद ने जमीन पर बैठकर सुनी फरियाद - September 29, 2026
- आगरा में खूनी संघर्ष: नशे में हंगामा करने से रोकने पर देवर ने महिला के पेट में घोंपा चाकू, तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया - September 29, 2026