आगरा: मेट्रो ट्रेन परियोजना के भूमिगत ट्रैक के लिए की जा रही खुदाई से मोती कटरा के भवनों में दरारें आने का मामला ठंडा नहीं हो पाया कि वार्ड 95 के पार्षद शरद चौहान ने सोमवार को मदिया कटरा क्षेत्र के कई मकानों में भी दरारें आने और फर्श बैठ जाने की जानकारी दी।
पार्षद चौहान के अलावा वार्ड 81 के पार्षद अमित सिंह पटेल और वार्ड 79 के पार्षद विक्रांत सिंह द्वारा नगर आयुक्त को लिखे गए पत्र के अनुसार राजा की मंडी रेलवे स्टेशन से आरबीएस कॉलेज तक चल रही मेट्रो की खुदाई के कारण मदिया कटरा के कई मकानों में दरारें आ गई हैं। मकानों के फर्श बैठ गए हैं और छतों के पत्थर गर्डरों से अलग हो गए हैं।
मदिया कटरा निवासी सुधा के मकान में सबसे अधिक नुकसान हुआ है। इनके मकान की दीवारों और छतों पर चौड़ी दरारें आ चुकी हैं। छत के पत्थर गर्डरों से हट गए हैं। घर की नींव और फर्श के बीच भी दरारें आ चुकी हैं। मकान मालकिन सुधा ने आरबीएस मेट्रो स्टेशन पहुंचकर वहां मौजूद अधिकारियों को इस बारे में अवगत भी कराया, लेकिन अभी तक मरम्मत नहीं कराई गई है।
पार्षदों के अनुसार सुधा के पड़ोसी संजय यादव के मकान में भी दरारें आ गई हैं। पास में ही स्थित राजेंद्र शर्मा के मकान में भी दरारें आ चुकी हैं। इनके द्वारा शिकायत करने पर मेट्रो अधिकारियों ने मरम्मत के नाम पर टीपटाप करा दी है। इसके अलावा ज्ञान प्रकाश शर्मा के मकान में कमरे के टाइल्स उखड़ गए हैं। इन मकानों के सामने स्थित नर्मदेश्वर मंदिर के टाइल्स भी उखड़ चुके हैं।
पार्षदों ने बताया कि मदिया कटरा से आरबीएस कॉलेज की ओर जाने वाली सड़क पर पिछले दिनों चौड़ी दरार आ गई थी, जिसकी मरम्मत नगर निगम ने करा दी थी। पत्र में पार्षदों ने सभी क्षतिग्रस्त मकानों की मरम्मत की मांग की है।
Discover more from Up18 News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
- दशकों के शोषण और जंजीरों के दर्द से मुक्ति: 2014 में बचाए गए हाथी राजू की कहानी, अब पौष्टिक आहार और चिकित्सीय देखरेख में कट रहे दिन - October 19, 2026
- सीतापुर में 17 साल की शादी और दो बच्चों को छोड़कर फेसबुक प्रेमी के पास गई पत्नी, पति ने खुद कराई दोनों की शादी - October 19, 2026
- आगरा में ‘बड़ा आदमी बनकर लौटेंगे’ पत्र लिखकर घर से भागे थे तीन बच्चे; पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सकुशल किया बरामद - October 19, 2026