आगरा। आगरा पुलिस कमिश्नरेट में थानों और विभिन्न शाखाओं का तेजी से हो रहा आधुनिकीकरण पुलिस-जनता के बीच विश्वास और पारदर्शिता को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है। मंगलवार को पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने नवीनीकृत थाना साइबर क्राइम, पुलिस लाइंस स्थित परिवहन शाखा एवं परिवहन शाखा-112 के अत्याधुनिक कार्यालयों का उद्घाटन किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस थानों का उद्देश्य केवल बेहतर पुलिसिंग ही नहीं, बल्कि आम जनता को सुरक्षित, सुगम और त्वरित न्याय प्रदान करना भी है। उन्होंने बताया कि कमिश्नरेट के सभी थानों और शाखाओं का चरणबद्ध नवीनीकरण किया जा रहा है, ताकि पुलिस व्यवस्था और अधिक प्रभावी और परिणामदायी बन सके।
पुलिस आयुक्त के अनुसार, पुलिस उपायुक्त नगर (मुख्यालय) के नेतृत्व और सहायक पुलिस आयुक्त हरीपर्वत के पर्यवेक्षण में थाना साइबर क्राइम को अत्याधुनिक स्वरूप दिया गया है। इसका संचालन और देखरेख थाना प्रभारी साइबर क्राइम द्वारा किया गया।
नवीनीकृत थाना साइबर क्राइम में आधुनिक जनसुनवाई कक्ष, विवेचना कक्ष, आगंतुक कक्ष, डिजिटल सुविधाएं, महिला हेल्प डेस्क, उन्नत उपकरणों से सुसज्जित कार्यालय तथा सुव्यवस्थित प्रतीक्षा क्षेत्र विकसित किए गए हैं।
इसी तरह पुलिस लाइंस स्थित परिवहन शाखा और परिवहन शाखा-112 के कार्यालयों का भी पूर्ण जीर्णोद्धार किया गया है। नवीनीकरण के बाद ये कार्यालय अधिक कार्यक्षम, सुव्यवस्थित और आधुनिक आवश्यकताओं के अनुकूल बनाए गए हैं।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने कहा कि यह आधुनिकीकरण न केवल पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाएगा, बल्कि आमजन के लिए सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार भी लाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए स्वरूप वाले थाने और शाखाएं पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी, संवेदनशील एवं जनोपयोगी बनाएंगी, जिससे पुलिस-जनता संबंध और मजबूत होंगे।
उद्घाटन अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त नगर, पुलिस उपायुक्त पूर्वी, पुलिस उपायुक्त पश्चिमी, अपर पुलिस आयुक्त (नगर) कानून-व्यवस्था, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध एवं यातायात), सभी सहायक पुलिस आयुक्त सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026