आगरा: जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने आज जनपद में यूरिया, डीएपी और अन्य उर्वरकों की आपूर्ति व वितरण व्यवस्था की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को पारदर्शिता और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि जनपद में यूरिया 14,900 मीट्रिक टन, डीएपी 8,048 मीट्रिक टन और एनपीके 13,292 मीट्रिक टन भंडारित है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में खाद की कोई कमी नहीं है और सोसाइटियों को मांग पत्र के आधार पर तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है।
बैठक के दौरान किसानों से मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एडी कोपरेटिव और सभी एडीसीओ को कड़ी फटकार लगाई और जवाब-तलब किया। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी सहकारी समितियाँ समय पर सोसाइटी खोलें, खाद वितरण में पारदर्शिता रखें, ओवररेटिंग को रोकें और दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। साथ ही, खाद की समाप्ति से पहले मांग पत्र भेजना और आरटीजीएस समय से करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि बड़े क्रेताओं की जांच की जाए और फील्ड में रहकर शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने गोदाम से सोसाइटियों तक आपूर्ति करने वाले ट्रकों की मॉनिटरिंग हेतु अधिकारियों की ड्यूटी लगाने, वाहन और ड्राइवर का नंबर दर्ज करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, एसीएम और मजिस्ट्रेटों की निगरानी में वितरण प्रणाली सुनिश्चित करने, किसानों को खाद देते समय आधार कार्ड, खतौनी और पीओएस मशीन का उपयोग अनिवार्य करने तथा स्टॉक व विक्रय रजिस्टर की नियमित जांच करने के आदेश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, एडीएम नमामि गंगे एवं प्रभारी अधिकारी उर्वरक वितरण जुबेर बेग, उप निदेशक कृषि मुकेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार, सहायक आयुक्त सहकारिता विमल कुमार, जिला प्रबंधक पीसीएफ सहित सभी एडीसीओ मौजूद रहे।
-up18News
- आगरा के फतेहाबाद में 1.10 लाख की लूट की सूचना निकली फर्जी: बैंक जांच में खुला राज, पुलिस को गुमराह करने वाला युवक बेनकाब - September 16, 2026
- लखनऊ में मोबाइल किश्त न चुकाने पर रिकवरी एजेंटों ने मजदूर को चार दिन तक बंधक बनाकर निकाला खून, गोमती में फेंकने की धमकी - September 15, 2026
- आगरा में NEET पास छात्र निकला ट्रेनों का शातिर चोर: गर्लफ्रेंड के कैंसर के इलाज और ऐशो-आराम के लिए खड़ा किया चोरी का नेटवर्क, 25 लाख के जेवर बरामद - September 15, 2026