आगरा: ताजनगरी की स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शुक्रवार को मण्डलायुक्त नगेन्द्र प्रताप सिंह ने विभाग की मैराथन समीक्षा बैठक की। इस बैठक में मण्डलायुक्त ने सरकारी अस्पतालों से लेकर सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के हेल्थ सेंटरों की जमीनी हकीकत जानी और लापरवाही मिलने पर कड़े तेवर दिखाए।
डॉक्टरों की हाजिरी पर कड़ा रुख
बैठक में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि फिलहाल जिला अस्पताल और कुछ चुनिंदा केंद्रों को छोड़कर अन्य जगहों पर चिकित्सकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं हो रही है। इस पर मण्डलायुक्त ने सख्त नाराजगी जाहिर की और निर्देश दिया कि पूरे मंडल के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शासन से तत्काल पत्राचार किया जाए।
बाह-जगनेर में बनेंगे नए अस्पताल, हाईवे पर ट्रामा सेंटर
दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को इलाज के लिए शहर न भागना पड़े, इसके लिए मण्डलायुक्त ने बाह और जगनेर में 50-50 बेड के नए अस्पताल स्थापित करने का प्रस्ताव मांगा है। इसके अलावा, नेशनल हाईवे पर होने वाले हादसों को देखते हुए एक नए ट्रॉमा सेंटर के लिए जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं।
लेडी लॉयल अस्पताल की शिफ्टिंग और SN का कायाकल्प
सीएमओ कार्यालय के पास स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान की खाली भूमि पर नया भवन बनाकर लेडी लॉयल अस्पताल को वहां शिफ्ट करने की योजना है। वहीं, एस.एन. मेडिकल कॉलेज की पुरानी और जर्जर इमारतों के सर्वे के साथ-साथ परिसर की सड़कों के जीर्णोद्धार के भी आदेश दिए गए।
जिला अस्पताल की सीवर समस्या का होगा अंत
जिला अस्पताल में सीवर लाइन न होने की शिकायत पर कमिश्नर ने मौके पर ही नगरायुक्त से फोन पर बात की और नगर निगम व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम को सर्वे कर स्थायी समाधान निकालने को कहा।
मण्डलायुक्त ने दो टूक शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और सभी प्रोजेक्ट्स को समय सीमा के भीतर पूरा करना होगा।
- फाल्गुन के रंग में रंगी ताजनगरी: कहीं टॉफी-चॉकलेट की होली, तो कहीं फूलों की वर्षा के बीच गूँजा ‘श्याम बाबा का नाम’ - February 26, 2026
- आगरा में गजब की जालसाजी: झारखंड के युवक के नाम पर ले लिया 4.56 लाख का लोन, साढ़े चार साल बाद हुआ खुलासा - February 26, 2026
- Agra News: शमसाबाद में ‘डिजिटल दरिंदगी’, प्रेम संबंध टूटा तो युवक ने वायरल कीं अश्लील फोटो, पीड़िता का परिवार सदमे में - February 26, 2026