आगरा: फाल्गुन मास की शुरुआत के साथ ही आगरा भक्ति और आनंद के सतरंगी रंगों में सराबोर हो गया है। शहर के श्याम मंदिरों और आध्यात्मिक केंद्रों पर आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि हर कोई ‘श्याम रंग’ में रंगा नजर आया। जीवनी मंडी से लेकर ताजगंज तक, कहीं टॉफी-चॉकलेट की बारिश हुई तो कहीं रॉक शैली के भजनों पर श्रद्धालु झूमते दिखे।
टॉफी और चॉकलेट के बीच विराजे ‘नीले के अश्वार’
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में फागुन महोत्सव के चौथे दिन एक अनूठा दृश्य देखने को मिला। यहाँ श्याम बाबा का श्रृंगार नीले फूलों के साथ-साथ रंग-बिरंगी टॉफी और चॉकलेट से किया गया। संकीर्तन के दौरान जब चॉकलेट की होली शुरू हुई, तो भक्त झोलियाँ फैलाकर प्रसाद पाने को आतुर दिखे। मुख्य ट्रस्टी हेमेंद्र अग्रवाल ने बताया कि आगामी रंग भरनी एकादशी पर यहाँ भव्य गुलाल की होली खेली जाएगी।
भक्ति और मॉडर्न संगीत का संगम: वेलनेस कॉन्सर्ट
एमजी रोड पर वेलनेस क्लब द्वारा आयोजित ‘श्रीकृष्ण धुन कॉन्सर्ट’ में भक्ति का एक आधुनिक स्वरूप दिखाई दिया। यहाँ रॉक शैली में कृष्ण भजन प्रस्तुत किए गए, जिस पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया। फूलों की होली और सामूहिक नाम जप ने वातावरण को दिव्य बना दिया। आयोजन का नेतृत्व कीर्ति खंडेलवाल और दिव्या गुप्ता ने किया।
ताजगंज में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
कटरा जोगीदास (ताजगंज) स्थित श्री दाऊजी महाराज खाटू श्याम मंदिर में भी टॉफी-चॉकलेट की होली का आकर्षण रहा। अध्यक्ष राजू गोयल और संयोजक अनूप अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को यहाँ से 1100 निशानों के साथ श्याम बाबा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। ढोल-नगाड़ों और मनमोहक झांकियों के साथ निकलने वाली इस यात्रा को लेकर श्याम प्रेमियों में भारी उत्साह है।
- तीज के रंग में सजेगा ‘मन की उड़ान’ का महिला स्वावलंबन उत्सव: होटल लेमन ट्री में 14 अगस्त को सजेगी हस्तकला प्रदर्शनी - August 13, 2026
- तीज के रंग में सजेगा ‘मन की उड़ान’ का महिला स्वावलंबन उत्सव: होटल लेमन ट्री में 14 अगस्त को सजेगी हस्तकला प्रदर्शनी - August 13, 2026
- वाराणसी में अनोखी चोरी: शोरूम में 4.5 घंटे तक रुका चोर, कॉफी पी, नहाया और KTM बाइक चुराने से पहले किया लुंगी डांस - August 13, 2026