आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के अवन्तिबाई चौराहे पर मंगलवार को अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े एक दुकानदार के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। रहीम भाई मंसूरी नामक दुकानदार ने आरोप लगाया कि कुछ हिंदूवादी संगठन के सदस्य उसकी चिकन शॉप पर पहुंचे और जबरन दुकान बंद कराने का दबाव बनाने लगे।
दुकानदार के अनुसार, आरोपियों ने राम मंदिर पर केसरिया झंडा फहराने को आधार बनाते हुए न केवल दुकान बंद कराने की धमकी दी, बल्कि गाली-गलौज करते हुए डराया-धमकाया और मारपीट भी की। विवाद बढ़ने पर दुकान जबरन बंद करा दी गई। घटना का वीडियो कुछ आरोपियों द्वारा ही सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
पीड़ित रहीम भाई मंसूरी ने पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी है, लेकिन वायरल वीडियो और घटनाक्रम को देखते हुए पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने राम उर्फ़ कटप्पा नामक एक आरोपी को शांति भंग की धारा में गिरफ्तार किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी फतेहाबाद पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की भी पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन पुलिस सतर्कता के साथ निगरानी कर रही है।
- आगरा में फ्री में शराब न देने पर सेल्समैन से अभद्रता, ठेके के काउंटर पर लात मारकर तोड़फोड़ का आरोप - October 31, 2026
- आगरा में सरदार पटेल की 151वीं जयंती की पूर्व संध्या पर महाआयोजन: कोठी मीना बाजार में 1100 दीप जलाकर लौह पुरुष को किया नमन - October 31, 2026
- आगरा पुलिस लाइन के सरकारी आवास में महिला कांस्टेबल का पंखे से लटका मिला शव, महकमे में हड़कंप - October 31, 2026