बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में ‘मित्र पुलिस’ का एक ऐसा चेहरा सामने आया है जिसने विभाग में हड़कंप मचा दिया है। रामनगर थाने में तैनात दरोगा अखिलेश यादव पर एक पीड़ित महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि दरोगा एक पुराने केस की जांच के बहाने उसे प्रेम संबंध बनाने के लिए प्रताड़ित कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
जांच के नाम पर ‘टॉर्चर’ का खेल
पीड़िता के अनुसार, विवाद की एक जांच दिसंबर 2024 में शुरू हुई थी। दरोगा अखिलेश यादव ने जांच के सिलसिले में महिला का नंबर लिया, लेकिन इसके बाद वह बार-बार फोन कर अश्लील बातें करने लगा। आरोप है कि दरोगा कहता था, “तुम बहुत स्मार्ट हो, पति को छोड़ दो और मेरे साथ रहो।” इतना ही नहीं, दरोगा ने महिला को अच्छी नौकरी लगवाने का लालच भी दिया।
जबरन गाड़ी में बैठाने और छेड़छाड़ का आरोप
पीड़िता ने अपने बयान में दरोगा की करतूतों का खुलासा करते हुए कहा कि दरोगा ने उसे जबरन अपनी गाड़ी में खींचकर बैठाया, हाथ पकड़ा और अश्लील हरकतें कीं। जब महिला और उसके पति ने इसका विरोध किया, तो दरोगा अपनी वर्दी की धौंस दिखाने लगा और पति को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी।
वायरल ऑडियो ने बढ़ाई दरोगा की मुश्किलें
इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब दरोगा और पीड़ित पक्ष के बीच हुई बातचीत के कुछ ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इन ऑडियो में दरोगा की बातचीत के लहजे पर सवाल उठ रहे हैं। लोक-लाज और प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने मुख्यमंत्री पोर्टल और जिले के पुलिस कप्तान से गुहार लगाई है।
एसपी के आदेश पर सीओ रामनगर गरिमा पंत ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ ने बताया कि सभी पक्षों को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। साक्ष्यों और बयानों के आधार पर दरोगा के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
- Shubham Umaji Pawar Honoured as ‘Best Real Estate Channel Partner Company in Pune’ at Maharashtra Udyog Bhushan Puraskar 2026 - September 5, 2026
- आगरा के चर्चित तेजाब कांड में अदालत का ऐतिहासिक फैसला: 13 महीने जेल काटने के बाद निर्दोष साबित हुआ कल्लू, असली आरोपियों पर चलेगा नया मुकदमा - September 4, 2026
- आगरा को दोबारा कहानी का ‘हब’ बनाने की अनूठी पहल: होटल ग्रांड में 7 से 9 सितंबर तक होगी तीन दिवसीय राष्ट्रीय कहानी कार्यशाला - September 4, 2026