आगरा। शहर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) महानगर द्वारा शनिवार को आयोजित तिरंगा यात्रा में युवाओं का देशभक्ति से लबालब जोश और पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा साफ नजर आया। यह यात्रा हाल ही में भारतीय सेना द्वारा अंजाम दिए गए ऑपरेशन सिंदूर में वीर सैनिकों के शौर्य और बलिदान को समर्पित थी। युवाओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और पाकिस्तान मुर्दाबाद के गगनभेदी नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत शाहगंज क्षेत्र स्थित सदर तहसील के पास शहीद हेमू कालाणी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद यह यात्रा रुई की मंडी चौराहे होते हुए भोगीपुरा चौराहे पर समाप्त हुई। पूरी यात्रा के दौरान युवाओं के हाथों में तिरंगा था और चेहरों पर देशभक्ति की चमक।
तिरंगा यात्रा में विशेष रूप से राज्यसभा सांसद नवीन जैन, महापौर हेमलता दिवाकर और भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता मौजूद रहे। भाजयुमो महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में शहर के कोने-कोने से युवाओं ने भाग लिया और वीर सैनिकों के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया।
भाजयुमो ब्रज क्षेत्र के मंत्री गौरव राजावत ने कहा कि गोलियां तो पहलगाम में चली थीं, लेकिन उससे 140 करोड़ देशवासियों का दिल छलनी हुआ था। आज देश की सेना ने जिस प्रकार से पाकिस्तान को उसके घर में घुसकर जवाब दिया है, वह हमारी राष्ट्रीय एकता और सरकार की इच्छाशक्ति का प्रमाण है।
महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित ने ऑपरेशन सिंदूर को देश के लिए तीन स्पष्ट संदेश देने वाला बताया। कोई आतंकी हमला करेगा, तो हमारी सेना समय और तरीके से जवाब देगी। हम एटम बम की गीदड़भभकियों से नहीं डरते और आतंकी और उसकी सरपरस्त सरकार एक ही सिक्के के दो पहलू माने जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह सेना का नहीं, पूरे देश का शौर्य है।
तिरंगा यात्रा में भाजयुमो के पदाधिकारी गोगा मौर्य, आकाश मुलानी, गोविन्द कुशवाह, सचिन प्रधान, अतुल अवस्थी, लक्की दीक्षित, जितेन्द्र मराठा, लोकेश पलिया, कुलदीप कुमार, अंकित बाल्मीक, अनंत चौधरी, सोनिया कर्दम, संचित कुलश्रेष्ठ समेत सभी मंडल अध्यक्ष और सैकड़ों युवाओं ने हिस्सा लिया।
- आगरा में ससुरालियों की शर्मनाक करतूत: बहू के बेडरूम-किचन में लगाए CCTV कैमरे, दहेज के लिए बच्चों संग निकाला - February 20, 2026
- Agra News: एम्बुलेंस से शराब की तस्करी, हरियाणा से प्रयागराज जा रही 46 पेटी अवैध शराब जब्त, 2 तस्कर दबोचे - February 20, 2026
- Agra News: सर्राफा बाजार में 176 किलो चांदी की बड़ी धोखाधड़ी, लखनऊ के व्यापारी पर आरोप, मुकदमा दर्ज - February 20, 2026