योगी आदित्यनाथ आगरा मेट्रो

आगरा मेट्रो शुरू, पीएम ने कोलकाता से वर्चुअली किया उद्घाटन, मुख्यमंत्री ने आगरा में दिखाई झंडी, भाजपा नेताओं संग किया सफर, 7 मार्च से आम जनता कर सकती है यात्रा, देखें तस्वीरें

REGIONAL

Live Story Time

Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat. आगरा शहर में बुधवार की सुबह मेट्रो ट्रेन सेवा का औपचारिक शुभारंभ हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता से हरी झंडी दिखाकर वर्चुअली शुरुआत की। इस दौरान आगरा में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे। ताजमहल भूमिगत स्टेशन से इसकी शुरुआत हुई। सीएम योगी ने मेट्रो ट्रेन से सात मिनट का सफर भी किया। वे ताजमहल स्टेशन से ताज ईस्ट गेट स्टेशन तक गए। अब आगरा यूपी का छठवां शहर बन गया है जंहा मेट्रो पहुंच चुकी है।

कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगरा मेट्रो को हरी झंडी दिखा रहे हैं।
कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगरा मेट्रो को हरी झंडी दिखा रहे हैं।

आगरा मेट्रो में पहले दिन आमंत्रित अतिथियों के साथ ही स्कूली बच्चों ने भी सफर किया। बच्चे खासे उत्साहित दिखे। इससे पहले पुरोहित ने पूजा अनुष्ठान करके मेट्रो पर शुभ का प्रतीक स्वास्तिक चिन्ह बनाया। साथ ही मेट्रो के इंजन का पूजन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, प्रदेश सरकार के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, बेबी रानी मौर्य, धर्मवीर प्रजापति, सांसद राजकुमार चाहर, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, विजय शिवहरे, डॉ. जीएस धर्मेश, डॉ. धर्मपाल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

आगरा मेट्रो
आगरा मेट्रो का शुभारंभ करके योगी आदित्यनाथ, प्रो. एसपी सिंह बघेल।

योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा

मेट्रो के उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आगरावासियों को होली से पहले मेट्रो ट्रेन की सौगात मिली है। देश में सबसे कम समय में आगरा में मेट्रो स्टेशन तैयार हुए। आगे के प्रोजेक्ट को भी इसी तरह तेजी से कार्य करने के लिए मेट्रो अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि मेट्रो के चलने से शहर की यातायात व्यवस्था और बेहतर होगी। यह शहर शिवाजी महाराज के गौरव से भी जुड़ा है। उन्होंने आगरा शहर के विकास के लिए कहा कि डबल इंजन सरकार के चलते ही आगरा में गंगाजल, एयरपोर्ट, आईटी सेक्टर समेत कई विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं।

agra metro
आगरा मेट्रो के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री एवं अन्य भाजपा नेता।

आगरा मेट्रो के मॉडल का प्रदर्शन

ताजमहल भूमिगत स्टेशन पर आगरा मेट्रो का मॉडल रखा गया है। इसमे मेट्रो का रूट और स्टेशन प्रदर्शित किया गया है। कार्यक्रम शुरू होने से पहले लोगों ने इसे देखकर रूट की जानकारी ली। उद्घाटन से पहले मेट्रो स्टेशन को दुल्हन की तरह सजाया गया। इसे देखने के लिए हर कोई लालायित था।

agra metro
ताजमहल आगरा मेट्रो स्टेशन का बाह्य स्वरूप

90 किमी प्रति घंटा की स्पीड

सात मार्च की सुबह छह से रात 10 बजे तक जनता के लिए मेट्रो का संचालन शुरू होगा। पहले चरण में मेट्रो छह किमी के बीच चलेगी। प्राथमिकता वाले कारिडोर में छह स्टेशनों में मेट्रो चलेगी। इसमें तीन एलीवेटेड और तीन भूमिगत स्टेशन हैं। प्रत्येक स्टेशन से सटकर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मेट्रो 90 किमी प्रति घंटा की स्पीड से चलेगी। स्टेशन के अंदर “एआई” से निगरानी की जाएगी। अगर कोई भी शख्स 20 मिनट स्टेशन के अंदर रुका तो अलार्म बजने लगेगा। अभी ट्रेन का न्यूनतम किराया 10 रुपये है, जबकि अधिकतम 30 रुपये है।

उद्घाटन के बाद आगरा मेट्रो में यात्रा करते योगी आदित्यनाथ, एसपी सिंह बघेल, योगेंद्र उपाध्यायआदि।

छह स्टेशन पर संचालन

ताज पूर्वी गेट स्टेशन : यह स्टेशन फतेहाबाद रोड पर टीडीआइ माल के ठीक सामने है। यह एलीवेटेड स्टेशन है।

कैप्टन शुभम गुप्ता स्टेशन : यह एलीवेटेड स्टेशन फतेहाबाद रोड स्थित होटल ग्रांड मरक्यूर के ठीक सामने है।

फतेहाबाद रोड स्टेशन : यह स्टेशन फतेहाबाद रोड स्थित मुगल पुलिया पर बना हुआ है। यह एलीवेटेड स्टेशन है।

ताजमहल स्टेशन : यह भूमिगत स्टेशन पुरानी मंडी तिराहा के पास है। ताजमहल पश्चिमी गेट की तरफ जाने वाली सीढ़ियों को खत्म कर दिया गया है।

आगरा मेट्रो के ताजमहल स्टेशन का आंतरिक दृश्य।
आगरा मेट्रो के ताजमहल स्टेशन का आंतरिक दृश्य।

आगरा फोर्ट स्टेशन : यह भूमिगत स्टेशन आगरा फोर्ट के ठीक सामने है। इस स्टेशन के पास पार्किंग है। जरूरत पड़ने पर समीप खाली स्थल भी है।

मन:कामेश्वर स्टेशन : यह भूमिगत स्टेशन बिजलीघर बस स्टैंड के गेट के ठीक सामने है। इस स्टेशन के पास छोटी पार्किंग है। इस स्टेशन से कुछ दूरी पर आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन है।

agra metro
आगरा मेट्रो के शुभारंभ पर योगी आदित्यनाथ की शुभकामनाएं।

 

आगरा मेट्रो ताजमहल स्टेशन
आगरा मेट्रो ताजमहल स्टेशन
Dr. Bhanu Pratap Singh