
आगरा। विश्व धरोहर ताजमहल की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों द्वारा पर्यटकों के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। दिल्ली से परिवार के साथ आए एक पर्यटक का तीन साल का मासूम बच्चा बिछड़ जाने पर जब पीड़ित मदद मांगने कंट्रोल रूम पहुंचे, तो आधार कार्ड की हार्ड कॉपी न होने पर विवाद हो गया।
आरोप है कि सीआईएसएफ जवानों ने पर्यटक का मोबाइल छीन लिया और कंट्रोल रूम में ले जाकर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीआईएसएफ से लिखित जवाब तलब किया है।
सांसद कंगना रनौत के निकलते ही पूर्वी गेट पर मचा बवाल
घटना रविवार शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है। अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत ताजमहल का दीदार कर जैसे ही बाहर निकली थीं, उसी दौरान पूर्वी गेट के अंदर दाईं तरफ बने सीआईएसएफ कंट्रोल रूम के पास अचानक चीख-पुकार मच गई। सीआईएसएफ के जवान पर्यटक को पीट रहे थे और परिवार की महिलाएं बीच-बचाव की कोशिश करते हुए रोती-बिलखती नजर आईं।
’मोबाइल पर थे दस्तावेज, फिर भी कहा- 4 दिन बाद मिलेगा बच्चा’
पीड़ित दिल्ली निवासी साजिद ने बताया कि वह परिवार के साथ ताजमहल घूमने आए थे। परिसर में उनका तीन साल का बेटा कुछ देर के लिए अलग हो गया। सीआईएसएफ जवानों को बच्चा मिला तो उन्होंने परिवार से बच्चे की पहचान और आधार कार्ड दिखाने को कहा। साजिद ने जब बताया कि भौतिक आधार कार्ड घर रह गया है लेकिन मोबाइल में सभी पहचान पत्र उपलब्ध हैं, तो जवानों ने कथित तौर पर कहा कि बच्चा चार दिन बाद थाने से मिलेगा। इसके बाद विरोध करने पर उनका मोबाइल छीन लिया गया और कंट्रोल रूम के अंदर ले जाकर मारपीट की गई।
मीडियाकर्मियों को देख चेहरा छिपाने लगे जवान
मारपीट के दौरान जवान पर्यटक को घसीटते हुए बाहर तक ले आए। वहां मौजूद मीडियाकर्मियों ने जब घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो एक जवान अपनी कैप से चेहरा छिपाता नजर आया। पिटाई से घायल और बदहवास पर्यटक ताजगंज की गलियों में इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाते दिखे। घटना के बाद पीड़ित की तबीयत भी बिगड़ गई। एएसआई अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार जवानों पर कार्रवाई की बात कही है।
- आगरा के ताजमहल के पूर्वी गेट पर पर्यटकों और CISF जवानों के बीच मारपीट, हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल - November 23, 2026
- ‘योगी की पाती’ में छलका सीएम का दर्द: मां सावित्री देवी को याद कर भावुक हुए योगी, शेयर किया पहली भिक्षा का संस्मरण - November 23, 2026
- ‘योगी की पाती’ में छलका सीएम का दर्द: मां सावित्री देवी को याद कर भावुक हुए योगी, शेयर किया पहली भिक्षा का संस्मरण - November 23, 2026