आगरा जनकपुरी महोत्सव 2026: भावनेश्वर नाथ मंदिर से निकलेगा माता सीता का भव्य डोला, 7 अक्टूबर को होगा तुलसी-शालिग्राम विवाह

PRESS RELEASE

आगरा। जनकपुरी महोत्सव 2026 के अंतर्गत 6 अक्टूबर को भावना एस्टेट स्थित श्री भावनेश्वर नाथ मंदिर से माता सीता का भव्य डोला श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाला जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार (राजू यादव) के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों से लगातार जनसंपर्क कर उन्हें आयोजन से जोड़ा जा रहा है तथा कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

राजू यादव ने बताया कि माता सीता का डोला श्री भावनेश्वर नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर भावना एस्टेट रोड, होली पब्लिक स्कूल रोड, गणपति आशियाना रोड, केके नगर, नीरव निकुंज रोड, शिवा कुंज, अमर विहार कॉलोनी रोड सहित विभिन्न मार्गों से होकर पुनः श्री भावनेश्वर नाथ मंदिर पहुंचेगा। पूरे मार्ग में श्रद्धालु माता सीता का पुष्पवर्षा एवं आरती के साथ स्वागत करेंगे। भजन-कीर्तन, धार्मिक झांकियां और जयघोष से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।

उन्होंने बताया कि डोला मार्ग एवं मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी, भव्य स्वागत द्वारों तथा मनमोहक पुष्प सज्जा से सजाया जाएगा। शोभायात्रा में सुंदर झांकियां, भक्ति संगीत एवं धार्मिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

आयोजन के दूसरे दिन 7 अक्टूबर को श्री भावनेश्वर नाथ मंदिर में भगवान शालिग्राम एवं माता तुलसी का दिव्य विवाह वैदिक परंपरा एवं विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाएगा। आचार्यों के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी धार्मिक रस्में संपन्न होंगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागी बनेंगे।

जनकपुरी महोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव के नेतृत्व में मंगलवार को समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने माता सीता के डोला मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया तथा क्षेत्रवासियों से जनसंपर्क कर उन्हें आयोजन में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान लोगों से सुझाव भी लिए गए और स्वागत द्वार, विद्युत सज्जा, सुरक्षा, पुष्पवर्षा तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

निरीक्षण के दौरान समिति द्वारा पूरे डोला मार्ग का सूक्ष्मता से सर्वेक्षण भी किया गया। जिन-जिन मार्गों से डोला निकलेगा, वहां की सड़क व्यवस्था, आवागमन की स्थिति तथा श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संभावित व्यवस्थाओं का आकलन किया गया। समिति ने यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया कि डोला यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु अथवा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मार्गों के आवश्यक पुनर्निर्माण, यातायात प्रबंधन, विद्युत साज-सज्जा, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत तैयारियों को प्राथमिकता देते हुए कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

निरीक्षण एवं जनसंपर्क अभियान में संजय गोयल, मनोज बंसल, मनोज जादौन, राणा सुशील सिंह, संतोष कटारा, अंकुश मित्तल, आकाश गोयल (ग्वाला), धर्मेश जैन, नरेंद्र सिंह सेंगर, निमित्त पोरवाल, कपिल पोरवाल, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, एकता बंसल, शीतल अग्रवाल, आरती शर्मा, प्रभाकर शर्मा, दिलीप गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh