आगरा: कथित मौसी नाबालिग से करा रही थी जिस्मफरोशी, दो गिरफ्तार – Up18 News

आगरा: कथित मौसी नाबालिग से करा रही थी जिस्मफरोशी, दो गिरफ्तार

REGIONAL

 

आगरा पुलिस देह व्यापार को रोकने के लिए हर संभव कदम उठा रही है लेकिन उसके बावजूद देह व्यापार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। आगरा पुलिस ने ताजगंज थाना क्षेत्र में छापामार कार्यवाही को अंजाम दिया। इस दौरान एक घर से देह व्यापार करने वाली किशोरी और एक महिला को गिरफ्तार किया है।

जानकरी के मुताबिक किशोरी नाबालिग है और उससे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। इस संबंध में एक एनजीओ ने पुलिस को सूचना दी थी जिस पर पुलिस ने छापा मारकर कानूनी कार्यवाही को अंजाम दिया। किशोरी के साथ उसकी कथित मौसी को गिरफ्तार कर लिया।

कथित मौसी और किशोरी दोनों पुलिस को घंटों गुमराह करते रहे। किशोरी खुद को बालिग बताती रही। मगर, पुलिस ने उसके स्कूल का रिकार्ड चेक कराया तो उसमें वह नाबालिग निकली। पुलिस ने कथित मौसी के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है और किशोरी से पूछताछ की जा रही है।

एसीपी सदर सर्किल अर्चना सिंह ने बताया कि एक सामाजिक संस्था ने ताजगंज इलाके में एक परिवार द्वारा नाबालिग से देह व्यापार कराने की सूचना दी। जिस पर पुलिस ने एनजीओ के बताए मकान पर छापा मारा। उक्त मकान से किशोरी काे बरामद किया तो एक महिला काे भी गिरफ्तार किया। महिला से पूछताछ करने पर पहले वह किशोरी का अपनी बेटी बताती रही। मगर, इस संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। बाद में कहने लगी कि किशोरी उसकी बहन की बेटी है। बहन बाहर रहती है, उसके पिता के बारे में पूछा ताे बताया कि उसका निधन हो गया है।

पांचवी तक पढ़ी है किशोरी

किशोरी का कहना था कि वह बालिग है। यह सब अपनी मर्जी से कर रही है। उस पर किसी का दबाव नहीं है जबकि वह देखने में नाबालिग लग रही थी। जिसके बाद पुलिस ने उसकी पढ़ाई के बारे में पूछा। किशोरी ने बताया कि वह एक पब्लिक स्कूल में पांचवी तक पढ़ी है। जिस पर पुलिस ने उसके स्कूल की जानकारी हासिल की। जिसके बाद स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया। उनसे अनुरोध करने पर स्कूल ने रात में ही अपना रिकार्ड चेक कराया। वहां से पता चला कि किशोरी की आयु करीब 17 वर्ष है। जिससे पुलिस काे पुख्ता यकीन हाे गया कि पीड़िता नाबालिग है।

घर में मिले 170 कंडोम

पुलिस को छापे के दौरान तलाशी में 170 यूज्ड कंडोम मिले हैं। जो किशोरी के साथ देह व्यापार कराने की ओर इशारा कर रहे हैं। पुलिस उक्त परिवार और किशोरी के बारे में भी छानबीन कर रही है। पुलिस को शक है कि किशोरी उक्त परिवार का हिस्सा नहीं है। उसका रंग रूप और हुलिया परिवार से मेल नहीं खाता। पुलिस इसकी पुष्टि के लिए किशोरी का डीएनए परीक्षण कराएगी। जिससे यह स्पष्ट हो सके कि वह उक्त परिवार का हिस्सा है या कहीं से लाई गई है।

एसीपी सदर अर्चना सिंह ने बताया कि एक एनजीओ की ओर से सूचना मिली थी कि आरोपी महिला के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत अभियाेग दर्ज किया है। इस मामले में विवेचना की जा रही है। किशोरी और उसकी कथित मौसी का डीएनए परीक्षण भी कराया जाएगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh