बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के बेरोजगारों के नौकरी देने वाले कोटे को 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख कर दिया लेकिन जब बेरोजगार इसी आस में सड़क पर नौकरी मांगने निकले तो उनका सामना हुआ पटना के एडीएम के के सिंह से। इसके बाद तो जो हुआ उसने बर्बरता की सारी हदें ही लांघ दीं।
पटना के बर्बर एडीएम के सामने एक शिक्षक अभ्यर्थी आ गया। उसने अपने हाथों में तिरंगा झंडा ले रखा था और नौकरी की गुहार लगा रहा था। तभी ADM केके सिंह उसके ऊपर टूट पड़े। ये भी न देखा कि उसके हाथ में तिरंगा झंडा है। हद देखिए अंधेरगर्दी की कि ADM केके सिंह ने पहला डंडा तो तिरंगे पर ही चलाया यानि खुलेआम राष्ट्रध्वज का अपमान। अरे, कम से कम राष्ट्रध्वज को तो लड़के के हाथ से ले लेना चाहिए था। लेकिन ADM को ये सब कहां दिख रहा था। वो तो छात्र को तिरंगे समेत जमीन पर लिटाकर डंडे बरसाए जा रहे थे।
पटना का बर्बर ADM!
ये सब-कुछ तब हुआ जब पटना में सातवें चरण के शिक्षकों की भर्ती को लेकर सोमवार को डाक बंगला चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। सरकार बनने से पहले तक तो आरजेडी के तमाम नेता सड़कों पर उतर कर छात्रों के लिए नौकरी की मांग कर रहे थे। लेकिन अब जब वो सरकार में आ गए तो नजरें फिर से पलट गईं।
सातवें चरण की बहाली की मांग को लेकर सड़क पर उतरे शिक्षक अभ्यर्थियों को ADM ने पुलिस के साथ मिलकर डंडे से पीटा। सीटेट और बीटेक के अभ्यर्थी सातवें चरण की बहाली का इंतजार करते-करते निराश हो चुके थे और इसी वजह से वो सड़क पर उतरे थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि ‘तेजस्वी यादव के नौकरी राज’ में उनके साथ-साथ तिरंगे पर भी डंडे चलेंगे।
पटना ADM ने किया राष्ट्रध्वज का अपमान
पटना एडीएम केके सिंह की ये हरकत कैमरे में कैद हो गई। तिरंगे पर लाठी चलाने और शिक्षक अभ्यर्थी की बर्बरता से पिटाई का पूरा वीडियो मीडिया के कैमरे में कैद हो गया। हद तो ये कि कवरेज कर रहे कुछ पत्रकारों के साथ भी जमकर बदसलूकी की गई। उधर शिक्षक अभ्यर्थी लाठीचार्ज के बाद ये सवाल पूछते नजर आए कि उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने डंडे का वादा तो नहीं किया था, फिर ऐसा क्यों हुआ।
ADM की हरकत के जांच के आदेश
उधर छात्रों पर लाठीचार्ज के दौरान ADM के तिरंगे के अपमान वाले वीडियो ने पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया। पटना के डीएम चंद्रशेखर सिंह तक भी मामला पहुंच गया। चुंकि मामला अब राष्ट्रध्वज के अपमान का बन चुका था तो जिलाधिकारी ने अपनी ही टीम के अफसर के खिलाफ संज्ञान ले लिया।
पटना डीएम ने आरोपी ADM केके सिंह के खिलाफ जांच का आदेश जारी कर दिया। इसका जिम्मा पटना के डीडीसी और सिटी एसपी वेस्ट को दिया गया है। डीएम चंद्रशेखर सिंह ने इस पूरे मामले की दो दिनों के अंदर रिपोर्ट भी मांगी है। डीएम ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि राष्ट्रध्वज का अपमान करना बर्दाश्त के लायक नहीं है, और दोषी पाए जाने पर ADM को कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
- ऐसा लगता है जैसे रोजाना 30 सिगरेट पी रहे हों…दिल्ली की हवा पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा- प्रदूषण की मुख्य वजह गाड़ियां - November 6, 2026
- केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के बयान पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का तीखा प्रहार; बोले— “यह चुनाव चोरी का स्थायी बंदोबस्त और लोकतंत्र का अपहरण है” - November 6, 2026
- यूपी में दो वरिष्ठ IAS अधिकारियों का तबादला: भवानी सिंह खंगारौत बने गन्ना आयुक्त, मिनिष्ती एस. को मिली सचिव वित्त की जिम्मेदारी - November 6, 2026