बीते दिनों इमरान ख़ान ने अपनी सरकार के खिलाफ़ अमेरिका पर साज़िश करने का आरोप लगाया था, इमरान खान के इस आरोप का जवाब अब अमेरिका ने दिया है.
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा है कि ‘अमेरिका पाकिस्तान के संवैधानिक और लोकतांत्रिक सिद्धांतों का समर्थन करता है.’
नेड प्राइस ने प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा, ‘जैसा कि हमने पिछले सप्ताह कहा था, हम पाकिस्तान में संवैधानिक और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक सिद्धांतों का समर्थन करते हैं.”
‘हम एक राजनीतिक दल के विरोध में दूसरे राजनीतिक दल का समर्थन नहीं करते. हम क़ानून के तहत समान न्याय के व्यापक सिद्धांतों, कानून के शासन के सिद्धांतों का समर्थन करते हैं.’
प्राइस ने इस बात पर ज़ोर देते हुए कहा कि पाकिस्तान के आंतरिक मामलों में अमेरिका की ओर से हस्तक्षेप किए जाने और इमरान ख़ान सरकार को अस्थिर करने की कोशिशों के आरोप निराधार और झूठे हैं.
प्राइस ने कहा, “इस आरोप में कोई सच्चाई नहीं है.”
दरअसल, इमरान ख़ान ने कहा था कि विपक्ष के साथ मिलकर अमेरिका ने उनके ख़िलाफ़ साज़िश रची है.
तीन अप्रैल को संसद भंग करने के ठीक एक दिन पहले इमरान खान ने हाथ में पकड़े एक काग़ज़ को लहराते हुए कहा था, “ये जो मैं आपको कह रहा हूं कि ये ऑफिशियल डॉक्यूमेंट है जिसमें कहा गया है कि विपक्ष अगर इमरान ख़ान को हटाएगा तो अमेरिका से ताल्लुक़ात अच्छे होंगे. जैसे ही आप (विपक्ष) इमरान खान को हटाएंगे हम (अमेरिका) आपको माफ़ कर देंगे.”
इस दौरान उन्होंने शहबाज शरीफ़ पर निशाना साधते हुए कहा था कि उनकी (शहबाज शरीफ़) मिलीभगत इस साज़िश में है और शहबाज़ अमेरिका की ‘ग़ुलामी’ के लिए तैयार हैं.
-एजेंसियां
- आगरा के कमला नगर में निकली चक्रवर्ती दिग्विजय शोभायात्रा: श्वेत रथ पर सौधर्म इंद्र बने सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन ने निभाई भरत चक्रवर्ती की भूमिका - November 22, 2026
- कान्हा के रण में कंस का अंत, अधर्म पर धर्म की विजय: आगरा में आतिशबाजी के साथ धू-धू कर जला कंस का पुतला - November 22, 2026
- आगरा में साइबर ठगी के दो मामले; एक दिन में रकम दोगुनी करने के चक्कर में गंवाए 1 लाख, टेलीग्राम ठगी में 2.14 लाख गए - November 22, 2026