नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि परिसीमन की आड़ में देश का चुनावी नक्शा (इलेक्टोरल मैप) नए सिरे से गढ़कर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह अधिकार किसने दिया है?
राहुल ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार लोकसभा की सीटों को बढ़ाकर 850 करने की नई योजना लेकर आए हैं, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए घातक साबित होगी। उन्होंने यह भी कहा कि देश की ‘Gen-Z’ पीढ़ी का मानना है कि चुनावों में वोट चोरी हो रही है और युवा वर्ग उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने पूछा कि जब महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है, तो लोकसभा सीटों की संख्या 850 करने का औचित्य क्या है? इससे पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी परिसीमन की प्रक्रिया को लोकतंत्र के लिए खतरा बता चुके हैं।
राहुल गांधी ने यह प्रेस वार्ता चार दिवसीय संसद सत्र की शुरुआत से ठीक पहले की। उल्लेखनीय है कि लोकसभा में 30 नवंबर से और राज्यसभा में 2 दिसंबर से परिसीमन तथा महिला आरक्षण से संबंधित विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है।
सीटों की संख्या बढ़ाने पर सवाल
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण की आड़ में लोकसभा सीटों को मौजूदा 543 से बढ़ाकर 850 करने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल वर्ष 2023 में ही पास हो चुका है, जिसे वर्तमान 543 सीटों के ढांचे पर भी लागू किया जा सकता है। ऐसे में सीटों को 850 करने की क्या आवश्यकता है?
चुनावी नक्शे और निर्वाचन क्षेत्रों को लेकर आशंका
राहुल के अनुसार, लोकसभा सीटें 850 होने पर निर्वाचन क्षेत्रों (कॉन्स्टिट्यूएंसी) की सीमाओं में बड़े पैमाने पर फेरबदल करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने आशंका जताई कि इससे सत्ता पक्ष अपने विरोधी समुदायों का प्रतिनिधित्व कमजोर कर सकता है और विपक्षी नेताओं को राजनीतिक रूप से निशाना बना सकता है। अपनी बात के समर्थन में उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का हवाला भी दिया।
Gen-Z और चुनाव प्रक्रिया पर दावे
अपनी पार्टी के एक सर्वे का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि 80 प्रतिशत भारतीय नागरिक और लगभग 100 प्रतिशत Gen-Z यह मानते हैं कि पीएम मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी की है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की 100 से अधिक सीटों पर भी वोट चोरी के आरोप लगाए।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर बयान
राहुल गांधी ने कहा कि “हमने मोदी, शाह और ज्ञानेश को घेर लिया है। उन्हें भी पता है और हमें भी। हमारे पास भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बारे में पर्याप्त जानकारी है, जिसे जल्द सार्वजनिक किया जाएगा।”
परिसीमन आयोग की संरचना पर आपत्ति
राहुल ने प्रस्तावित परिसीमन आयोग के गठन और उसकी बनावट पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि आयोग में शामिल होने वाले एक पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश का चयन पीएम मोदी व अमित शाह करेंगे, जबकि तीसरे सदस्य को ज्ञानेश कुमार चुनेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था से सरकार को निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने में प्रभाव मिल सकता है।
प्रेजेंटेशन में रखा ‘INDIA के परिसीमन’ का मॉडल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने स्लाइड्स व प्रेजेंटेशन के माध्यम से केंद्र सरकार की परिसीमन योजना को त्रुटिपूर्ण बताया। उन्होंने इसे ‘भाजपा का परिसीमन’ करार देते हुए इसकी तुलना ‘INDIA गठबंधन के परिसीमन’ से की। राहुल ने मांग रखी कि परिसीमन 2011 के बजाय 2027 की जनगणना के आधार पर किया जाए, इसके साथ जाति जनगणना भी कराई जाए और लोकसभा सीटों की संख्या 543 ही बरकरार रखी जाए।
- आगरा नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम का तबादला, निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में हुआ बदलाव - November 28, 2026
- राहुल गांधी का परिसीमन व 850 सीटों पर बड़ा हमला: बोले- “इलेक्टोरल मैप बदलकर फायदा लेना चाहती है BJP, यह लोकतंत्र को खत्म कर देगा” - November 28, 2026
- संविधान गौरव दिवस पर शारदा यूनिवर्सिटी में बोले राज्यसभा सांसद नवीन जैन: “पीएम मोदी ने जनहित में किए ऐतिहासिक संवैधानिक बदलाव” - November 28, 2026