लखनऊ में 1,594 अभ्यर्थियों को सीएम योगी ने सौंपे नियुक्ति पत्र, सपा पर साधा निशाना: बोले— ‘सैफई सिंडिकेट नहीं गिन पाएगा हमारी नियुक्ति की गति’

REGIONAL

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) से चयनित 201 लेखा परीक्षकों और 1,393 सहायक लेखाकारों सहित कुल 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान सीएम योगी ने आगामी दिनों में होने वाले नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की। साथ ही सैफई का जिक्र करते हुए उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तीखा तंज कसा। सीएम योगी ने कहा कि हमारी नियुक्ति पत्र वितरण की जो गति है, उसे ‘सैफई सिंडिकेट’ गिन भी नहीं पाएगा, क्योंकि वहां नोट गिनने के अलावा और कुछ गिनने का काम होता ही नहीं है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “लोग मुझसे पूछते हैं कि इस निष्पक्ष नियुक्ति प्रक्रिया से उत्तर प्रदेश ने क्या हासिल किया? मैं कहता हूं कि हमने बहुत कुछ हासिल किया है। यह निष्पक्षता और पारदर्शिता ही आज हमारी असली पहचान बनी है। अब प्रदेश का युवा यूपी में ही नौकरी और रोजगार प्राप्त कर रहा है। आज जब वह देश या दुनिया में कहीं भी जाता है, तो उत्तर प्रदेश उसकी एक नई पहचान बन चुका है। अब यूपी की पहचान उपद्रव प्रदेश के रूप में नहीं होती। उत्तर प्रदेश की जो यह नई छवि बनी है, उसने युवाओं के सपनों को एक नई उड़ान दी है और इस उड़ान ने राज्य को नया मान दिलाया है। लोग सवाल उठाते हैं कि क्या बदला? मैं कहता हूं कि हमने बीते साढ़े नौ वर्षों के दौरान पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र प्रदान किए हैं।”

सपा के चुनावी वादों पर सीएम योगी का तीखा हमला

समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “हम आने वाले 10 दिनों के भीतर 50,000 अन्य युवाओं को नियुक्ति पत्र देने जा रहे हैं। मैं अखिलेश जी से कहूंगा कि अगर उन्हें गिनती आती हो तो हिसाब लगा लें, हम 10 लाख नियुक्ति पत्र बांट चुके होंगे। लेकिन, उन्होंने यह नहीं बताया कि जो 30 लाख नौकरियों का वादा कर रहे हैं, वे नियुक्ति पत्र कहां से देंगे? इसके अलावा पिछली चार सपा सरकारों के कार्यकाल में कुल कितनी नौकरियां दी गईं, इसके बारे में भी यूपी की जनता को थोड़ा बता दें। आप खुद मुख्यमंत्री रहे और उससे पहले के दौर के बारे में भी बताइए—यूपी का हर नागरिक उस दौर की हकीकत जानता है। जब आपका अतीत (Past) ही अच्छा नहीं रहा, तो भविष्य (Future) भी अच्छा नहीं हो सकता।”

Dr. Bhanu Pratap Singh