राधे-राधे तो शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय आ रहा है: सीएम योगी

REGIONAL

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक टीवी मीडिया समूह को दिए साक्षात्कार में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर एक साथ तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर सवाल खड़े करते हुए कहा कि दो नावों की सवारी करने वाले डूबते हैं और अखिलेश को अयोध्या जाने से पहले रामभक्तों व हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि राधे-राधे तो शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय आ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मथुरा में राधे-राधे, अयोध्या में जय श्रीराम और काशी में हर-हर महादेव कहना आस्था के अनुरूप है, जबकि राम नाम सत्य विदाई के समय कहा जाता है।

PDA को बताया ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’

सपा की राजनीति को परिवार तक सीमित बताते हुए मुख्यमंत्री ने इसके पीडीए (PDA) की नई व्याख्या प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि पीडीए का अर्थ ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ है। योगी आदित्यनाथ के अनुसार, सपा की राजनीति परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जबकि भाजपा का मतदाता हर वह राष्ट्रवादी नागरिक है जो संविधान और देश की विरासत का सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि उनकी किसी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है, लेकिन देश और समाज के सामने चुनौती आने पर उसका सामना करना एक संन्यासी का दायित्व है।

चुनाव से पहले ही सपा-कांग्रेस गठबंधन विफल

​मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर भी प्रहार करते हुए इसे चुनाव से पहले ही विफल करार दिया। उन्होंने कहा कि एक तरफ दोनों दलों की बैठकें चल रही हैं और दूसरी तरफ प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। दोनों दलों पर तंज कसते हुए योगी ने कहा कि उन्होंने प्याज भी खाया और जूता भी। उन्होंने साफ किया कि भाजपा और एनडीए के सहयोगी मिलकर चुनाव लड़ेंगे तथा प्रत्याशियों का चयन पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप किया जाएगा।​

घुसपैठियों और मतदाता सूची पुनरीक्षण पर विपक्ष को घेरा

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा विदेशी घुसपैठियों को अपना मानती है, जबकि मतदाता सूची में केवल पात्र भारतीय नागरिकों के नाम दर्ज होने चाहिए।

उन्होंने कहा कि मृतकों और स्थान बदल चुके मतदाताओं के नाम हटाए जाना आवश्यक है; किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए, लेकिन विदेशी नागरिक को मतदान का अधिकार नहीं मिल सकता।

कट्टा-बम से ब्रह्मोस तक का सफर और निवेश के आंकड़े

कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दे पर पिछली सरकारों को निशाने पर लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी, दंगे और अव्यवस्था का माहौल था। उस दौरान कट्टा-बम की फैक्ट्रियां चलती थीं, जबकि अब उत्तर प्रदेश में रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और निवेश को बढ़ावा देने के लिए 36 सेक्टोरल नीतियां तैयार की गई हैं।

योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, देश के मोबाइल उत्पादन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में तैयार हो रहा है। एमएसएमई (MSME) और ओडीओपी (ODOP) के माध्यम से सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट वर्ष 2017 के मुकाबले तीन गुना से अधिक बढ़े हैं। देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क में यूपी की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है, पहले जहां दो एयरपोर्ट क्रियाशील थे, वहीं अब 17 एयरपोर्ट संचालित हैं जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय हैं, और प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो सेवा चल रही है।

नौकरी, तकनीक और सुरक्षा पर सख्त संदेश

रोजगार और युवाओं की तैयारियों पर जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं और 26 जनवरी तक यह संख्या साढ़े दस लाख करने का लक्ष्य है। पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट वितरित किए गए और दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट देने की तैयारी है। युवाओं को एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों, व्यापारियों, निवेशकों और राह चलती महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए केवल दो ही जगह हैं—जेल या जहन्नुम। उन्होंने चार लाख मकान खरीदारों को आवास दिलाने तथा नोएडा जाने से जुड़े पुराने अंधविश्वास को तोड़ने का भी उल्लेख किया।

Dr. Bhanu Pratap Singh