रसोई पर फिर बढ़ी महंगाई की मार: महीनेभर में सरसों का तेल, दाल, आटा और देसी घी के दाम उछले

NATIONAL

​नई दिल्ली। देश में बढ़ती महंगाई का सीधा असर अब आम आदमी की रसोई और उसके मासिक बजट पर साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। चावल, गेहूं, आटा, दाल और चीनी से लेकर खाद्य तेल तथा दूध-घी तक की कीमतों में हुई बढ़ोतरी ने आम परिवारों के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है।

भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक महीने के भीतर ही दैनिक उपभोग की प्रमुख वस्तुओं के दामों में भारी तेजी दर्ज की गई है।

आंकड़ों के मुताबिक, एक माह में चना दाल ₹2.67 प्रति किलो, अरहर दाल ₹3.98 प्रति किलो, चीनी ₹2.46 प्रति किलो, दूध ₹0.90 प्रति लीटर, सरसों का तेल ₹9.11 प्रति लीटर, खुली चाय पत्ती ₹1.91 प्रति किलो और देसी घी ₹17 प्रति किलो तक महंगे हो गए हैं।

​पशु आहार महंगा होने से दुग्ध उत्पादन लागत डेढ़ गुना बढ़ी, डेरी उत्पाद 30% से अधिक महंगे

​दिल्ली स्थित खारी बावली सर्व व्यापार मंडल के चेयरमैन राजीव बत्रा के अनुसार, थोक और खुदरा बाजार में रसोई से जुड़े खाद्य पदार्थों की कीमतों में 20 प्रतिशत से अधिक का इजाफा हो चुका है। उन्होंने बताया कि इंसानों के खान-पान के सामान के साथ-साथ पशु आहार भी काफी महंगा हो गया है, जिसके चलते दुग्ध उत्पादन की लागत करीब डेढ़ गुना बढ़ गई है। बीते कई वर्षों में यह पहला मौका है जब दीवाली का त्योहार बीतने के बाद नवंबर महीने में दूध के दामों में बढ़ोतरी देखी गई है। दूध के दाम बढ़ने के कारण दही, पनीर, मिठाई, खोया, मक्खन, देसी घी और सूखे दूध (मिल्क पाउडर) की कीमतें 30 प्रतिशत से भी अधिक ऊपर चली गई हैं।

​खुदरा बाजार में सरसों का तेल ₹240 लीटर पहुंचा, ब्रेड और बासमती चावल भी महंगे

​खुदरा बाजार की स्थिति बयां करते हुए दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-13 में स्थित गिरीराज स्टोर के संचालक प्रवीण गोयल ने बताया कि रिटेल मार्केट में सरसों का तेल महीनेभर के भीतर ही ₹210 से बढ़कर ₹240 प्रति लीटर तक पहुंच गया है। इसके अलावा, ब्रेड के पैकेट पर ₹5 प्रति पैकेट की वृद्धि हुई है, जबकि 10 किलो आटे के पैकेट में ₹15 से ₹20 तक की तेजी आई है। वहीं, बासमती चावल ₹10 प्रति किलो और देसी घी खुदरा बाजार में ₹30 से ₹40 प्रति लीटर तक महंगा हो चुका है, जिससे आम उपभोक्ताओं का घरेलू बजट पूरी तरह चरमरा गया है।

Dr. Bhanu Pratap Singh