सागर (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना से सोमवार को एक ऐसी अनूठी और हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया। यहां शराब के ठेके पर जाम खरीदने पहुंच रहे लोगों को पहले डॉक्टर की दवा और सलाह मिली, और उसके बाद ही दारू। शराब की दुकान के ठीक बाहर बकायदा स्वास्थ्य विभाग की टीम अपनी टेबल-कुर्सी लगाकर बैठी नजर आई, जहां मदिराप्रेमियों का ब्लड प्रेशर, शुगर जांचने के साथ-साथ उनके ब्लड सैंपल भी एकत्र किए गए।
यह दिलचस्प और अनोखा वाकया बीना के आगासौद रोड स्थित गांधी चौराहा स्थित देशी-विदेशी शराब दुकान का है। सोमवार को यहां आबकारी विभाग की टीम के साथ स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों की एक विशेष टीम अचानक पहुंची। दुकान पर शराब खरीदने आ रहे ग्राहकों को पहले डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह की अगुवाई वाली मेडिकल टीम के पास भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने शराबियों का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया और उनके खून के नमूने लिए।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इन सैंपलों के जरिए उनके लिवर, किडनी और अन्य गंभीर आंतरिक बीमारियों की विस्तृत जांच की जाएगी।
मौतों का कारण गंभीर बीमारी निकलने के बाद सतर्क हुआ प्रशासन
मामले की जानकारी देते हुए आबकारी विभाग के उपनिरीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बताया कि शासन और उच्च अधिकारियों के निर्देशों के तहत यह स्वास्थ्य परीक्षण अभियान शुरू किया गया है। इसके जरिए शराब का सेवन करने वाले लोगों को उनके गिरते स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है कि अत्यधिक मदिरापान उनके अंगों को किस हद तक नुकसान पहुंचा रहा है।
जहरीली शराब कांड से दहल चुका है सागर जिला
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश का सागर जिला बीते दिनों कथित जहरीली शराब के कारण हुई मौतों को लेकर पूरे प्रदेश में सुर्खियों में रहा है। सागर जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में दो दर्जन से अधिक लोगों की जान चली गई थी। इसके अलावा हाल ही में सागर शहर के साथ-साथ जिले के देवरी और बंडा क्षेत्रों में भी तीन लोगों की शराब पीने के बाद अचानक मौत हो गई थी। हालांकि, बाद में जिला प्रशासन और फॉरेंसिक जांच में यह बात निकलकर सामने आई कि इन तीन लोगों की मौत जहरीली शराब से नहीं, बल्कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण बिगड़ी तबीयत और पुरानी गंभीर बीमारियों की वजह से हुई थी।
इसी के बाद से जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में आ गया है। प्रशासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि शराब का सेवन करने वाले लोग पहले से ही किन गंभीर बीमारियों (जैसे लिवर सिरोसिस या किडनी फेलियर) से ग्रसित हैं, ताकि भविष्य में होने वाली अनहोनी और भ्रम की स्थिति से बचा जा सके। आबकारी व स्वास्थ्य विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई की चर्चा अब पूरे प्रदेश में जोर-शोर से हो रही है।
- आगरा में 29 नवंबर को होगा डॉ. जयसिंह ‘नीरद’ का नागरिक अभिनंदन: जुटेंगे देश-प्रदेश के साहित्यकार; ‘नरक के सींग’ उपन्यास पर होगा नाटक मंचन - November 24, 2026
- आगरा के बल्केश्वर में रुक्मिणी मंगल विवाह का जीवंत मंचन: वजीरपुरा के प्राचीन सीताराम मंदिर में हुई मेहंदी की रस्म; महिलाओं ने गाए मंगल गीत - November 24, 2026
- आगरा के बल्केश्वर में रुक्मिणी मंगल विवाह का जीवंत मंचन: वजीरपुरा के प्राचीन सीताराम मंदिर में हुई मेहंदी की रस्म; महिलाओं ने गाए मंगल गीत - November 24, 2026