आगरा। बल्केश्वर स्थित गौशाला प्रांगण में चल रहे श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को रुक्मिणी मंगल विवाह लीला का भव्य एवं भावपूर्ण मंचन किया गया। विवाह उत्सव की शुरुआत वजीरपुरा स्थित प्राचीन सीताराम मंदिर में श्रीकृष्ण एवं रुक्मिणी जी के स्वरूपों को मेहंदी लगाने की रस्म से हुई। मुख्य अतिथि डॉली बंसल थीं।
महिलाओं ने मंगल गीत गाकर विवाह की खुशियां मनाईं। इसके पश्चात लीला स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी के दिव्य परिणय प्रसंग का मंचन हुआ। रुक्मिणी की अनन्य भक्ति, प्रेम और समर्पण की कथा ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
नारद जी के मुख से श्रीकृष्ण की महिमा सुन मोहित हुईं रुक्मिणी
लीला के प्रसंग के अनुसार विदर्भ देश के राजा भीष्म की पुत्री रुक्मिणी साक्षात माता लक्ष्मी का अवतार थीं। जब उन्होंने देवर्षि नारद के मुख से भगवान श्रीकृष्ण के रूप, सौंदर्य और दिव्य गुणों की प्रशंसा सुनी तो मन ही मन उन्हें अपना जीवनसाथी स्वीकार कर लिया। लेकिन रुक्मिणी का भाई रुक्मी भगवान श्रीकृष्ण से शत्रुता रखता था और अपनी बहन का विवाह राजा दमघोष के पुत्र शिशुपाल से कराना चाहता था।
ब्राह्मण के हाथ भेजा परिणय संदेश, शिशुपाल के मंसूबों पर फिरा पानी
अपने भाई की इच्छा जानकर रुक्मिणी ने एक ब्राह्मण संदेशवाहक के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण तक अपना परिणय संदेश पहुंचाया। प्रेम भरा संदेश मिलते ही श्रीकृष्ण विदर्भ की नगरी कुंडीनपुर पहुंच गए। वहां शिशुपाल के साथ शाल्व, जरासंध, दंतवक्त, विदुरथ और पौंड्रक जैसे राजा भी मौजूद थे। भगवान श्रीकृष्ण ने युद्ध में सभी को परास्त कर रुक्मिणी को उनकी इच्छा के अनुसार अपने साथ ले लिया।
रुक्मी का अभिमान तोड़ा, द्वारिका में संपन्न हुआ दिव्य विवाह
श्रीकृष्ण जब रुक्मिणी को लेकर द्वारिका की ओर प्रस्थान कर रहे थे, तभी रुक्मी ने उनका मार्ग रोककर युद्ध के लिए ललकारा। भगवान श्रीकृष्ण और बलराम ने युद्ध में रुक्मी को पराजित कर दंडित किया। इसके पश्चात द्वारिकापुरी में परिजनों और संबंधियों की उपस्थिति में भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी का विधिवत विवाह संपन्न हुआ। इस प्रसंग ने संदेश दिया कि सच्चा प्रेम, अटूट विश्वास और ईश्वर के प्रति समर्पण सभी बाधाओं पर विजय प्राप्त कर सकता है।
बुधवार को रक्तदान शिविर के साथ होगा लीला महोत्सव का विश्राम
श्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि समिति के संरक्षक डॉ विजय किशोर बंसल में लीला महोत्सव का विश्राम मानव सेवा के संकल्प के साथ किया जाएगा। बुधवार को लीला स्थल पर सुबह 10 बजे से विशाल रक्तदान शिविर आयोजित होगा। इससे पूर्व भगवान के स्वरूपों की विदाई एवं हवन किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं और शहरवासियों से रक्तदान शिविर में सहभागिता कर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में योगदान देने की अपील की।
ये रहे उपस्थित
मेहंदी की रस्म में डॉली बंसल, नेहा गुप्ता, ममता उपाध्याय, सुजाता अग्रवाल, निशि नेहरू, सलोनी नेहरू, शिप्रा गुप्ता, शिल्पी तिवारी, लता उपाध्याय, हेमा शर्मा, मंजू उपाध्याय एवं मीरा बघेल सहभागिता की और स्वरूपों के मेहंदी लगाई। लीला में स्वरूपों की आरती महंत अनंत उपाध्याय, अतुल गुप्ता, अरुण उपाध्याय, विजय रोहतगी, अशोक गोयल, पार्षद पूजा बंसल, गिर्राज बंसल, ब्रजेश अग्रवाल, मनोज बंसल, लक्ष्मण शर्मा, सूरज तिवारी, अनूप गोयल, विनीत सिंघल आदि ने उतारी।
- आगरा के बल्केश्वर में रुक्मिणी मंगल विवाह का जीवंत मंचन: वजीरपुरा के प्राचीन सीताराम मंदिर में हुई मेहंदी की रस्म; महिलाओं ने गाए मंगल गीत - November 24, 2026
- मध्यप्रदेश के सागर में ठेके के बाहर लगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर; जांच व ब्लड सैंपल के बाद मिल रही शराब, तस्वीरें वायरल - November 24, 2026
- मध्यप्रदेश के सागर में शराब ठेके के बाहर लगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर; जांच व ब्लड सैंपल के बाद मिल रही शराब, तस्वीरें वायरल - November 24, 2026