ओवैसी का आजम खान पर शायराना पलटवार: बोले— ‘हमारे पांव का कांटा हमीं से निकलेगा’, धर्मनिरपेक्ष दलों के मुस्लिम नेताओं पर भी उठाए सवाल

POLITICS

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और हाल ही में जेल से रिहा हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। आजम खान द्वारा ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर निशाना साधे जाने के बाद, असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर शायराना अंदाज में पलटवार किया है।

​ओवैसी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि सेक्युलर राजनीतिक दलों के मुस्लिम नेता अपने शीर्ष नेतृत्व से सवाल पूछने के बजाय उनसे कहीं अधिक सवाल पूछते हैं, जो उनकी नीयत और ईमानदारी को खुद-ब-खुद उजागर करता है। उन्होंने मशहूर शायर राहत इंदौरी का शेर साझा करते हुए लिखा— “न हमसफर, न किसी हमनशीं से निकलेगा, हमारे पांव का कांटा हमीं से निकलेगा।”

​’नगीना जाकर कहूंगा- तुमने दिल में खंजर उतार दिया’

​इससे पहले, सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान ने एक साक्षात्कार के दौरान चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के सियासी तालमेल पर कड़ा ऐतराज जताया था। चंद्रशेखर पर तंज कसते हुए आजम ने कहा था कि वे मुस्लिम वोटों के बलबूते सांसद बने हैं। उन्होंने कहा, “मैं नगीना जाकर वहां के मुसलमानों से कहूंगा कि आपने हमारे सीने में खंजर उतारने के लिए उन्हें खंजर दे दिया।”

आजम खान ने दोनों नेताओं को सलाह देते हुए कहा था कि दोनों साहिबान को अक्ल से काम लेना चाहिए और अपनी हदों में रहना चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि बात निकलेगी तो बहुत दूर तक जाएगी, इसलिए बेहतर है कि कोई भी उनकी तकदीरों के साथ खिलवाड़ न करे।

‘मेरे लिए दुआ की, लेकिन एक वकालतनामा तक नहीं लगाया’

असदुद्दीन ओवैसी पर हमला बोलते हुए आजम खान ने कहा था कि जिसके अपने गृह राज्य में महज चार विधायक हों, वह 400 सीटों पर दावेदारी पेश करे— यह अपने आप में सवाल खड़े करता है। उन्होंने ओवैसी के पेशे का जिक्र करते हुए कहा, “बैरिस्टर साहब ने मेरे इतने मुकदमों के दौरान एक भी वकालतनामा मेरे पक्ष में नहीं लगाया और केवल दुआएं करते रहे। यदि उनका एक वकालतनामा भी मेरे मुकदमों में लग जाता तो मेरे दिल को बहुत सुकून मिलता, क्योंकि मेरे पास उतना बड़ा कोई वकील नहीं था।”

​आजम खान के इन्हीं बयानों के बाद अब ओवैसी के शायराना पलटवार से प्रदेश में मुस्लिम मतदाताओं को साधने की राजनीति और तीखी हो गई है।

Dr. Bhanu Pratap Singh