लखनऊ। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर समाजवादी पार्टी अपने संगठन का विस्तार करने में जुटी है और पार्टी में नए चेहरों के जुड़ने का सिलसिला लगातार आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी को उस वक्त झटका लगा, जब कई नेता सपा में शामिल हो गए। अनिल कसाना, उत्पल राय, पूर्व मंत्री अवधेश चौहान, विनय प्रताप, वीरेंद्र अदनान, अशरफ खान और महेश कुमार बबलू समेत अन्य नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इन सभी को पार्टी में शामिल कराया। इस मौके पर उन्होंने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि मौजूदा वक्त में भाजपा सबसे बड़ी चुनौती और संकट है, जिसके सत्ता से हटने पर ही यह संकट टलेगा।
सपा मुखिया ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपाइयों को यह महसूस होने लगा है कि कमल मुरझा रहा है, इसी वजह से अब वे ‘राधे-राधे’ जपने लगे हैं। अखिलेश यादव ने पार्टी में आए नए नेताओं को आश्वस्त किया कि भाजपा उनके साथ अन्याय नहीं कर सकती और समाजवादी पार्टी हर कदम पर उनके साथ खड़ी रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने इल्जाम लगाया कि भाजपा शासनकाल में प्रशासनिक अधिकारी सत्ता के दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीते दस सालों से कई अफसर एक ही पद व कुर्सी पर काबिज हैं, जिन्हें हटवाने के लिए सभी विधायकों के दस्तखत के साथ ज्ञापन सौंपा जाएगा।
उन्होंने भाजपा के उस बयान को लेकर भी सवाल खड़े किए, जिसमें 1.27 करोड़ हिंदुओं के वोट कटने की बात कही गई थी। अखिलेश यादव का कहना था कि चुनाव आयोग की सख्ती व दबाव के बाद अब इस तरह की बयानबाजी बंद हो गई है। उन्होंने पूछा कि आखिर भाजपा के पास यह आंकड़ा कहां से आया था। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने ‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’ का नया नारा बुलंद किया और इससे संबंधित एक वीडियो भी प्रस्तुत किया।
- सहारनपुर में प्रोटोकॉल की बड़ी चूक; सुप्रीम कोर्ट के जज के लिए तैयार गार्ड ऑफ ऑनर असदुद्दीन ओवैसी को दे गई पुलिस - November 21, 2026
- लखनऊ में 5वां राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह: पीएम मोदी बोले- ‘हुनरमंद युवाओं का रोजगार AI भी नहीं छीन सकता’ - November 21, 2026
- ‘कमल मुरझाने पर राधे-राधे कह रहे भाजपाई’: अखिलेश यादव ने साधा निशाना, ‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’ का दिया नारा - November 21, 2026