आगरा के बुद्ध पार्क में 14 नवंबर को ‘बुद्ध वंदना’ एवं ड्रोन से हवाई पुष्प वर्षा; सामाजिक समरसता का दिया जाएगा संदेश

PRESS RELEASE

आगरा। ताजनगरी में सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का सशक्त संदेश देने के उद्देश्य से आगामी 14 नवंबर को कालिंदी विहार रोड, शाहदरा स्थित बुद्ध पार्क में भव्य ‘बुद्ध वंदना एवं हवाई पुष्प वर्षा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी (BJP) तथा भारतीय जाटव समाज संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न प्रांतों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु और नागरिक हिस्सा लेंगे। इस दौरान क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

​भावना क्लार्क होटल में आमंत्रण पत्र का विमोचन

होटल भावना क्लार्क में आयोजित पोस्टर व आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह के दौरान भाजपा नेता किशनसिंह चौहान (सीटू चौहान) ने बताया कि 14 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे शाहदरा स्थित बुद्ध पार्क में भगवान बुद्ध की 26 फुट की प्रतिमा सहित सभी पंचवर्गीय प्रतिमाओं पर ड्रोन (हवाई माध्यम) से पुष्प वर्षा की जाएगी।

​उन्होंने बताया कि गत 3 अगस्त 2025 को दलित समाज का एक प्रतिनिधिमंडल बुद्ध पार्क के निर्माण का प्रस्ताव लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिला था, जिसे मुख्यमंत्री जी ने बिना विलंब सहज स्वीकृति दी थी। उन्होंने कहा कि यह पार्क एक ऐतिहासिक धरोहर के रूप में बनकर तैयार हो रहा है, जिससे साबित होता है कि भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है।

“दिसंबर तक पूर्ण होगा बुद्ध पार्क का निर्माण”

​भारतीय जाटव समाज संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह ने बुद्ध पार्क निर्माण की स्वीकृति देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भव्य पार्क आगामी दिसंबर माह तक पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा।

​वहीं संस्था के प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल ने कहा कि बुद्ध वंदना और 26 फुट की भव्य प्रतिमा पर पुष्प वर्षा का यह आयोजन समाज में शांति, करुणा, मैत्री, समानता और सामाजिक समरसता का एक अद्भुत संदेश प्रवाहित करेगा।

यह प्रमुख लोग रहे मौजूद

​आयोजन समिति ने शहरवासियों से इस पावन कार्यक्रम में उपस्थित होकर धर्मलाभ उठाने की अपील की है। आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर ए.पी. सिन्हा, रविन्द्र शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh