प्रभु श्रीराम सबके हैं…​”अखिलेश यादव के अयोध्या आगमन से 1 करोड़ हिंदुओं की होगी घर वापसी”: तपस्वी छावनी के महंत परमहंस आचार्य का बड़ा बयान

REGIONAL

अयोध्या: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के संभावित अयोध्या दौरे और रामलला के दर्शन को लेकर धार्मिक नगरी में चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बीच तपस्वी छावनी के महंत जगद्गुरु परमहंस आचार्य का एक महत्वपूर्ण बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि अखिलेश यादव के अयोध्या आगमन से लगभग एक करोड़ हिंदुओं की घर वापसी का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। इसके साथ ही इस कदम से पूरे समाज में एक बेहद सकारात्मक और दूरगामी संदेश जाएगा।

नाराजगी होगी दूर, समर्थकों के लिए बनेगा मिसाल

महंत परमहंस आचार्य ने पुरानी घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल के दौरान कारसेवकों पर हुई गोलीबारी की घटना के कारण यादव परिवार के प्रति नाराजगी रखने वाले कई लोग अब तक राम मंदिर से दूरी बनाए हुए थे। लेकिन अब जब अखिलेश यादव स्वयं भगवान श्रीरामलला के दर्शन और पूजा-अर्चना करने अयोध्या आ रहे हैं, तो इससे उनके लाखों समर्थकों के बीच एक सकारात्मक वातावरण निर्मित होगा। वे भी भगवान श्रीराम को अपना आराध्य मानकर मंदिर दर्शन के लिए आगे आएंगे।

​उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम किसी एक विशेष राजनीतिक दल, वर्ग या विचारधारा के नहीं हैं, बल्कि वे पूरे जगत के हैं। जो भी व्यक्ति उनकी पावन शरण में आता है, उसका किसी भी स्तर पर विरोध नहीं होना चाहिए। अखिलेश यादव के इस कदम का खुले दिल से स्वागत किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन मनभेद कभी नहीं होने चाहिए। रामराज्य की वास्तविक स्थापना तभी संभव हो पाएगी जब समाज के सभी लोग भगवान श्रीराम के महान आदर्शों का अनुसरण करेंगे।

​सनातन का संदेश और रामायण की चौपाई का दिया संदर्भ

तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर ने कहा कि पावन जन्मभूमि अयोध्या धाम सनातन संस्कृति का केंद्र है। जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) सनातन से भटके हुए लोगों की ‘घर वापसी’ की बात करता है, तो जो लोग भी सनातन की ओर लौटते हैं, उनका सहर्ष स्वागत होना चाहिए।

​प्रभु श्रीराम के वचनों को याद दिलाते हुए उन्होंने रामचरितमानस की प्रसिद्ध चौपाई का उल्लेख किया— ‘कोटि विप्र बध लागहिं जाहू, आएं सरन तजउं नहिं ताहू।’ उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम ने स्वयं कहा है कि यदि कोई करोड़ों ब्राह्मणों का वध करने जैसा महापाप करके भी उनकी शरण में आ जाता है, तो वे उसका भी त्याग नहीं करते और उसे शरण देते हैं।

आसपास के जिलों का किया जिक्र

वार्ता के दौरान महंत परमहंस आचार्य ने एक रोचक बात साझा करते हुए कहा कि उन्हें ऐसी जानकारी मिली है कि अयोध्या से सटे चार-छह आसपास के जिलों में अहीर समाज के लोग अपनी लाठियों में तेल लगाना शुरू कर चुके हैं। जब किसी ने उनसे पूछा कि क्या वे भी अखिलेश यादव को रोकने जाएंगे, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि वे रोकने नहीं बल्कि स्वागत की तैयारी में हैं। उन्होंने बताया कि लोग बम्बइया लाठियां तैयार कर रहे हैं और उसमें तेल लगा रहे हैं, ताकि अखिलेश यादव को रोकने का प्रयास करने वालों के सामने वे स्वागत और सुरक्षा के लिए मुस्तैद रह सकें।

Dr. Bhanu Pratap Singh