आगरा। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति संगीत की मधुर स्वर लहरियों और गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के बीच शुक्रवार को ऐतिहासिक श्रीकृष्ण लीला महोत्सव 2026 का भव्य एवं भक्तिमय शुभारंभ हुआ। श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति की ओर से प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश जी की सवारी निकाली गई। लीला स्थल गौशाला, बल्केश्वर में विधिवत पूजन-अर्चन के बाद मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल एवं डॉ. हरेन्द्र गुप्ता ने आरती उतारकर सवारी का शुभारंभ किया। कुल्लू पंडित जी के मार्गदर्शन में पूजन हुआ। सवारी वॉटर वर्क्स, जीवनी मंडी, बेलनगंज, कचहरी घाट, रावत पाड़ा, सुभाष बाजार आदि राम बारात मार्ग से होते हुए वापस गौशाला प्रांगण पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान गणेश का स्वागत किया और आरती उतारकर सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की।
सवारी में आगे ऊंट और नगाड़े वाले और भजन-कीर्तन करते श्रद्धालु विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। पूरा वातावरण जय श्रीकृष्ण, राधे-राधे और गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गुंजायमान रहा। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक सवारी में सहभागिता कर भगवान के दर्शन किए।
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि श्रीकृष्ण लीला महोत्सव आगरा की प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं हमें धर्म, प्रेम, करुणा और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देती हैं। ऐसे आयोजन हमारी सनातन संस्कृति और ब्रज की गौरवशाली विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। गणेश जी की सवारी के साथ महोत्सव का शुभारंभ होना मंगलमय शुरुआत है। उन्होंने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं।
कल निकलेगी कंस की दुहाई की सवारी
श्री कृष्णलीला महोत्सव समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि शनिवार 14 नवंबर को कंस की दुहाई की सवारी निकाली जाएगी। यह सवारी बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर से प्रारंभ होकर महाराजा अग्रसेन मार्ग पर संपन्न होगी। इस वर्ष सवारियों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है, जिससे कमला नगर और बल्केश्वर क्षेत्र के अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर मिल सके।
15 नवंबर से गौशाला परिसर में सजेंगी श्रीकृष्ण की लीलाएं
समिति महामंत्री विजय रोहतगी ने बताया कि 15 नवंबर को शाम 6:30 बजे वाटर वर्क्स स्थित गौशाला परिसर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के साथ मंचीय लीलाओं का शुभारंभ होगा। 16 नवंबर को नंदोत्सव एवं पूतना वध, 17 नवंबर को गोचारण, कालियादह एवं माखन चोरी की लीलाओं का मंचन किया जाएगा।
लीला संयोजक शेखर गोयल ने बताया कि इस वर्ष पारंपरिक लीलाओं के साथ कुछ विशेष लीलाओं को भी शामिल किया गया है। 18 नवंबर को भीष्म प्रतिज्ञा, 19 नवंबर को प्रह्लाद चरित्र और 21 नवंबर को सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र की लीला का मंचन होगा। 21 नवंबर को फूलों की होली भी विशेष आकर्षण रहेगी। महोत्सव का समापन 25 नवंबर को हवन-पूजन एवं लीला स्वरूपों की विदाई के साथ होगा।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर डॉ गिरधर शर्मा, नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल, अतुल गुप्ता, पंकज मोहन, अशोक गोयल, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल राधे राधे, ब्रजेश अग्रवाल, महंत अनंत उपाध्याय, पंडित मुकेश शर्मा, मनोज गुप्ता,आशु रोहतगी, लक्ष्मण शर्मा, सोनू दीक्षित, सीताराम अग्रवाल, राकेश जैन, पंकज शास्त्री, आकाश ग्वाला, विनीत सिंघल, अनूप गोयल, मनीष शर्मा, आदि उपस्थित रहे।
- “राधे-राधे जपा करो, कृष्ण नाम रस पिया करो…”: राजा सांवरिया और दीक्षा शर्मा के भजनों पर झूमी ताजनगरी, उमड़ा आस्था का जनसैलाब - November 13, 2026
- आगरा में सर्दी की दस्तक के बाद भी डेंगू का खतरा बरकरार; 4 नए मरीज मिले, दो बच्चे भी शामिल - November 13, 2026
- काशी के तुलसीघाट पर सजीव हुआ द्वापर युग: 500 साल पुरानी ऐतिहासिक ‘नाग नथैया लीला’ का भव्य मंचन, कदंब से गंगा में कूदे बाल कृष्ण - November 13, 2026