आगरा। दीपावली पर्व की गहमागहमी के बीच ताजनगरी के रावत पाड़े चौराहे पर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमराती हुई दिखाई दे रही है। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से कभीं भी 2 से 3 घन्टे लगातार भयंकर जाम का मंजर बना हुआ है। सड़कों पर लगी वाहनों की लंबी-लंबी कतारों के कारण आम नागरिकों और राहगीरों को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों व वाहन चालकों के अनुसार, इस विकट स्थिति का मुख्य कारण सड़क पर दिन-प्रतिदिन बढ़ता अवैध अतिक्रमण है।
क्षेत्रीय दुकानदारों पर गंभीर आरोप लग रहे हैं कि कई व्यवसायियों ने अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैलाकर मुख्य मार्ग पर स्थायी कब्जा जमा लिया है। इस अवैध कब्जे के चलते मुख्य सड़क की चौड़ाई लगातार घटती जा रही है और गाड़ियाँ गुज़रने के लिए बेहद सीमित जगह ही बच पाती है।
ठेल-ढकेल और फड़ लगने से लगातार सिकुड़ रहा मुख्य मार्ग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दुकानों के ठीक सामने कतारबद्ध लगने वाली ठेलों और फड़ों के चलते सड़क का एक भाग पूरी तरह से बंद हो जाता है। त्योहारी सीजन होने के कारण बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की भीड़ कई गुना बढ़ गई है, जिससे स्थिति विकराल रूप धारण कर चुकी है। इसका सीधा खामियाज़ा आम राहगीरों और वाहन चालकों के साथ स्थानीय निवासियों को भुगतना पड़ रहा है, जिन्हें घंटों तक गाड़ियों के पहिए थमने के कारण जाम में घुटने को मजबूर होना पड़ रहा है।
व्यस्त समय में टेंपो से माल उतारना बना जाम का मुख्य कारण
यातायात बाधित होने का एक अन्य बड़ा कारण पीक आवर्स (व्यस्त समय) के दौरान व्यावसायिक वाहनों का सड़क पर ही खड़ा होना है। माल ढोने वाले टेंपो और मोटरसाइकिल-स्कूटर जुगाड़ से बने रिक्से पिक समय में ही दुकानों के सामने खड़े होकर लोडिंग और अनलोडिंग की प्रक्रिया शुरू कर देते हैं। पहले से ही संकरी हो चुकी सड़क पर इन मालवाहकों के आड़े-तिरछे खड़े होने से रास्ता और भी सिकुड़ जाता है, जिससे गाड़ियों की आवाजाही ठप हो जाती है और चौराहा पूरी तरह से ब्लॉक हो जाता है।
बेहाल जनता, मौन जनप्रतिनिधि: स्थानीय लोगों ने उठाया पुलिस-प्रशासन पर सवाल
रावत पाड़े चौराहे के जाम से त्रस्त लोगों के बीच यह चर्चा भी जोरों पर है कि क्षेत्रीय पार्षद पूरी तरह से चुनावी समीकरणों तथा वोट बैंक के गणित में उलझे हुए हैं। इस वजह से सड़कों पर फैल रहे इस अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात की समस्या पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। स्थानीय निवासियों का तीखा सवाल है कि जब दीपोत्सव के दौरान बाजारों में खरीदारों की आवक और गाड़ियों की आवाजाही बढ़ना तय था, तो नगर निगम और यातायात पुलिस ने समय रहते अतिक्रमण हटाने व ट्रैफिक कंट्रोल के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए?
परेशान स्थानीय निवासियों ने नगर निगम प्रशासन और आगरा ट्रैफिक पुलिस से पुरजोर मांग की है कि रावत पाड़े चौराहे से तुरंत प्रभाव से अतिक्रमण हटवाया जाए और व्यस्त समय में माल चढ़ाने-उतारने वाले टेंपो पर सख्त प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि आम जनता को इस रोज़-रोज़ के भीषण जाम से स्थायी राहत मिल सके।
- जाम के झाम से परेशान आगरा का रावतपाड़ा बाजार, रेंग रेंग कर आंगे बढ़ रहे पैदल राहगीर - October 31, 2026
- संजय प्लेस में पार्किंग बनी ‘ओपन बार’ की खबर का बड़ा असर: एक्शन में आई आगरा पुलिस, शराबियों पर सख्ती से व्यापारियों में खुशी - October 31, 2026
- ताजनगरी में ‘अमृतम् परिवार’ का भव्य दीपावली उत्सव: गरबा-डांडिया की धुनों पर थिरके कदम, आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमान - October 31, 2026