आगरा। शहर के सबसे प्रमुख व्यावसायिक केंद्र संजय प्लेस की सार्वजनिक पार्किंग में शाम ढलते ही शराबियों का जमघट लगने और गाड़ियों के भीतर बैठकर खुलेआम जाम छलकाने के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। खबर का त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस ने क्षेत्र में सघन अभियान चलाकर पार्किंग स्थलों पर शराबखोरी और हुड़दंग करने वाले अवांछनीय तत्वों पर कड़ा शिकंजा कसा है। पुलिस की इस मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों, राहगीरों और महिलाओं ने बड़ी राहत की सांस ली है।
उल्लेखनीय है कि आगरा के इस मुख्य कॉमर्शियल हब में दिनभर व्यापारिक गतिविधियों और ग्राहकों की भारी चहल-पहल रहती है, लेकिन शाम होते ही कुछ सार्वजनिक पार्किंग क्षेत्रों का माहौल पूरी तरह बदल जाता था। पुलिस चौकी से महज 20 कदम की दूरी पर स्थित पार्किंग में खड़ी गाड़ियां ही शराबियों का अड्डा बन जाती थीं। गाड़ियों में बैठकर शराब पीने के बाद उपद्रवियों द्वारा तेज आवाज में बात करने, गाली-गलौज करने और अभद्र व्यवहार करने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। इससे न केवल बाजार आने वाले वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों को परेशानी उठानी पड़ रही थी, बल्कि महिलाओं और परिवारों के लिए भी वहां से गुजरना बेहद असहज हो गया था।
खबर के बाद एक्शन में आई पुलिस, चलाया चेकिंग अभियान
चौकी के इतने समीप खुलेआम शराबखोरी की समस्या को प्रमुखता से सामने लाए जाने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। पुलिस टीमों ने शाम होते ही संजय प्लेस के विभिन्न पार्किंग स्थलों पर अचानक गश्त बढ़ाई और खड़ी गाड़ियों की चेकिंग शुरू की। सार्वजनिक स्थान पर मदिरापान करने और माहौल खराब करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई, जिससे हुड़दंगियों में हड़कंप मच गया।
व्यापारियों ने जताया पुलिस का आभार, जताई निरंतरता की उम्मीद
पुलिस द्वारा की गई इस सख्त कार्रवाई पर संजय प्लेस के प्रमुख व्यापारियों विनय मित्तल, विशाल और राजीव ने हर्ष व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन का दिल से आभार जताया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की इस तत्परता और निरंतर निगरानी से बाजार में सुरक्षा का माहौल कायम हुआ है।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से यह भी अपील की है कि यह चेकिंग और नियमित गश्त का सिलसिला केवल एक-दो दिन का औपचारिक अभियान बनकर न रह जाए, बल्कि इसे लगातार जारी रखा जाए। व्यापारियों का कहना है कि जब तक पुलिस की यह मुस्तैद निगरानी बनी रहेगी, तब तक अवांछनीय तत्वों के हौसले पस्त रहेंगे और निर्भीक माहौल बनने से संजय प्लेस का व्यापार एक बार फिर अपनी पूरी रफ्तार पकड़ सकेगा।
- जाम के झाम से परेशान आगरा का रावतपाड़ा बाजार, रेंग रेंग कर आंगे बढ़ रहे पैदल राहगीर - October 31, 2026
- संजय प्लेस में पार्किंग बनी ‘ओपन बार’ की खबर का बड़ा असर: एक्शन में आई आगरा पुलिस, शराबियों पर सख्ती से व्यापारियों में खुशी - October 31, 2026
- ताजनगरी में ‘अमृतम् परिवार’ का भव्य दीपावली उत्सव: गरबा-डांडिया की धुनों पर थिरके कदम, आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमान - October 31, 2026