सिंगापुर के वैश्विक मंच पर चमकी ताजनगरी: मेयर हेमलता दिवाकर ने संस्कृति मंत्री को भेंट की ताजमहल की प्रतिकृति, दिया आगरा आने का न्योता

स्थानीय समाचार

आगरा: सिंगापुर में संपन्न हुए ‘वर्ल्ड सिटीज़ समिट-2026’ और ‘मेयरल फेलोशिप’ कार्यक्रम में आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने ताजनगरी का प्रतिनिधित्व करते हुए वैश्विक मंच पर एक अमिट छाप छोड़ी है। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के समापन समारोह में महापौर ने सिंगापुर की संस्कृति मंत्री को विश्व धरोहर ताजमहल की प्रतिकृति भेंट की और उन्हें आगरा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनुभव करने के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया।

​ऐतिहासिक परिसर में हुआ समापन

सम्मेलन का समापन मलेशिया के 1800 ईस्वी में निर्मित ऐतिहासिक शाही महल में हुआ। यह स्थान ऐतिहासिक रूप से सिंगापुर और मलेशिया के साझा अतीत का प्रतीक है। सिंगापुर की संस्कृति मंत्री द्वारा आयोजित इस समापन भोज में दुनिया भर के महापौरों और नगर प्रशासकों ने भाग लिया।

​नागरिक-केंद्रित सुशासन पर मंथन

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य शहरों के समावेशी और सतत विकास के लिए नए प्रशासनिक मॉडल तैयार करना था। चर्चा के दौरान महापौर हेमलता दिवाकर ने स्पष्ट किया कि आधुनिक नगर प्रबंधन में पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिक-केंद्रित सेवाओं का होना अनिवार्य है। उन्होंने जोर दिया कि अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं प्रदान करनी चाहिए।

विकास की दिशा में आगरा के प्रयास

महापौर ने अपने संबोधन में साझा किया कि आगरा भी अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खुद को एक आधुनिक और नागरिक-हितैषी शहर के रूप में विकसित कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे वैश्विक मंचों के माध्यम से प्राप्त अनुभव और श्रेष्ठ प्रशासनिक पद्धतियों (Best Administrative Practices) को अपनाकर आगरा की शहरी चुनौतियों का प्रभावी समाधान निकाला जा सकता है।

यह यात्रा आगरा के लिए न केवल पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि भविष्य के स्मार्ट और आधुनिक विकास कार्यों के लिए एक नई दिशा भी तय करती है।

Dr. Bhanu Pratap Singh