आगरा: ताजनगरी के जयपुर हाउस स्थित श्रीराम पार्क में जयपुर हाउस युवा क्लब के तत्वावधान में आयोजित दशहरा उत्सव इस वर्ष बेहद खास और उल्लासपूर्ण रहा। कार्यक्रम की शुरुआत शंखनाद, गणेश वंदना और मां दुर्गा की भव्य आरती के साथ हुई, जिसमें जयपुर हाउस के निवासियों ने सामूहिक रूप से भाग लिया। डीसीपी अभिषेक अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का आधिकारिक उद्घाटन किया।
डांडिया की धुन पर थिरके पारंपरिक परिधानों में सजे लोग
समारोह के दौरान आयोजित डांडिया नाइट मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। महिलाएं पारंपरिक लहंगा-चोली और पुरुष कुर्ता-पायजामा पहनकर इस उत्सव में शामिल हुए। ‘ढोली थारो ढोल बाजे’ और अन्य लोकप्रिय गरबा गीतों की धुनों पर युवाओं और महिलाओं ने जमकर डांडिया खेला। संगीत, ताल और पारंपरिक वेशभूषा ने पूरे पार्क के माहौल को पूरी तरह उत्सवी रंग में रंग दिया।
इसके अलावा, महिलाओं और बच्चों के लिए कई मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं भी रखी गईं। ‘बेस्ट कपल डांस‘ और ‘बेस्ट ड्रेस‘ प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया, जिन्हें बाद में पुरस्कृत किया गया। बच्चों ने भी पार्क में लगाए गए झूलों का भरपूर आनंद उठाया।
12 फुट ऊंचे रावण के दहन के साथ हुआ समापन
डांडिया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद रात को 12 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन के वक्त पूरा श्रीराम पार्क “जयश्रीराम” और “वीर बजरंगी” के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। इस आयोजन को सफल बनाने में रोहित जैन, राहुल अग्रवाल, विभोर अग्रवाल, सनी बजाज, मयंक सचदेवा, डॉ. मयंक महाजन, सौरभ गोयल, निकिता अग्रवाल, करिश्मा अग्रवाल और नेहा बजाज सहित क्लब के तमाम सदस्यों की अहम भूमिका रही।
- वॉटर वर्क्स स्थित गौशाला में लायंस क्लब कोनरॉय का अनूठा सेवा कार्य: गौ माता को साड़ी ओढ़ाकर अर्पित किया गया छप्पन भोग - October 21, 2026
- देशभर में धूमधाम से संपन्न हुआ विजयादशमी पर्व: दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन में रावण दहन कार्यक्रम में शामिल हुए पीएम मोदी - October 21, 2026
- जोड़ों के दर्द से लेकर रीढ़ की समस्याओं का मिलेगा विशेषज्ञ समाधान, मुंबई के सांताक्रूज और चेंबूर में शुरू हुए निवम ऑर्थोपेडिक्स के केंद्र - October 21, 2026