आगरा: ताजनगरी के यमुनापार क्षेत्र में प्रशासनिक लापरवाही और जलकल विभाग की अनदेखी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यमुना ब्रिज स्टेशन रोड पर स्थित हनुमान मंदिर के सामने पेयजल की मुख्य पाइपलाइन पिछले दो दिनों से फटी हुई है, जिसके चलते लाखों लीटर शुद्ध पेयजल लगातार सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है, जबकि शहर के कई हिस्सों में लोग पानी की गंभीर किल्लत से जूझ रहे हैं।
आश्वासन के बावजूद नहीं हुई मरम्मत
सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि पाइपलाइन फटने की इस गंभीर समस्या की सूचना स्थानीय निवासियों द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है। शिकायतों के बाद वार्ड 67 की पार्षद प्रियंका अग्रवाल के पति और जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता (XEN) सोमवार शाम करीब 5:30 बजे मौके पर पहुँचे थे। उस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया था कि अगले दिन यानी मंगलवार तक पाइपलाइन की मरम्मत करा दी जाएगी, लेकिन मंगलवार शाम सात बजे तक भी मौके पर कोई सुधार कार्य नहीं हुआ।
त्योहार का हवाला देकर टाला गया जरूरी काम
जब इस संबंध में दोबारा संपर्क किया गया, तो अधिकारी और प्रतिनिधि पक्ष से दशहरे का हवाला दिया गया कि मजदूर अपने औजारों का पूजन कर रहे हैं, इसलिए वे काम पर नहीं आ सकते। इस तर्क पर कड़ा विरोध जताते हुए दिलीप पाठक ने सवाल किया कि यदि इस तरह जरूरी और आपातकालीन मरम्मत कार्यों को भी त्योहारों का हवाला देकर रोक दिया जाएगा, तो शहर की चरमराई पेयजल व्यवस्था कैसे पटरी पर लौटेगी।
जलकल विभाग के घेराव की चेतावनी
दिलीप पाठक ने कड़े शब्दों में आरोप लगाया कि शहर की व्यवस्थाओं पर से अधिकारियों और नौकरशाही का नियंत्रण खत्म हो चुका है, और जनप्रतिनिधियों के स्तर पर भी आम जनता की शिकायतों की अनदेखी हो रही है। उन्होंने जलकल विभाग के उच्च अधिकारियों और क्षेत्रीय विधायक धर्मपाल से तत्काल हस्तक्षेप कर पाइपलाइन की मरम्मत कराने और पानी की बर्बादी रोकने की मांग की है।
साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो स्थानीय लोग और कार्यकर्ता मजबूरन जलकल विभाग का घेराव करेंगे।
- जोड़ों के दर्द से लेकर रीढ़ की समस्याओं का मिलेगा विशेषज्ञ समाधान, मुंबई के सांताक्रूज और चेंबूर में शुरू हुए निवम ऑर्थोपेडिक्स के केंद्र - October 21, 2026
- सोनाली कुलकर्णी और नीरू शर्मा की शॉर्ट फिल्म ‘लाइक माँ’ का ट्रेलर रिलीज: बचपन के जख्मों और पीढ़ियों के दर्द की परतें खोलेगी कहानी - October 21, 2026
- राधास्वामी अंध विद्यालय में दिव्य सेवा ट्रस्ट का अनूठा सेवा कार्य: डॉ. अलका सेन के जन्मदिवस पर दृष्टिबाधित बच्चों के साथ बांटा भोजन और खुशियां - October 21, 2026