आगरा: ताजनगरी में सामाजिक सरोकारों और सेवा भाव का एक प्रेरणादायी उदाहरण सामने आया है। दिव्य सेवा ट्रस्ट की ओर से कालिंदी विहार स्थित राधास्वामी अंध विद्यालय में दृष्टिबाधित बच्चों के बीच विशेष भोजन और सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. अलका सेन के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया, उनके साथ आत्मीय संवाद किया और उनके जीवन के अनुभवों को जाना।
आधुनिक तकनीक और ब्रेल लिपि से हो रही है शिक्षा
विद्यालय के निरीक्षण के दौरान सदस्यों ने बालकों और बालिकाओं के लिए अलग-अलग छात्रावास की व्यवस्था देखकर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यालय में बच्चों को लुई ब्रेल पद्धति के साथ-साथ मोबाइल और अन्य आधुनिक तकनीक का उपयोग करना भी सिखाया जा रहा है, जिससे वे बिना किसी सहारे के दैनिक जीवन के कार्य आत्मविश्वास के साथ स्वयं कर सकें। बच्चों की इस अद्भुत प्रतिभा, उनकी आत्मनिर्भरता और शिक्षकों के समर्पण ने वहां उपस्थित सभी सदस्यों को अत्यधिक प्रभावित किया।
सेवा के साथ खुशियां बांटने की अनूठी परंपरा
दिव्य सेवा ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद, वंचित और विशेष योग्यजन वर्गों के बीच सेवा, संवेदना और सहयोग की अलख जगाना है। ट्रस्ट द्वारा अपने सदस्यों के जन्मदिवस और वैवाहिक वर्षगांठ जैसे विशेष पारिवारिक अवसरों को समाज सेवा के कार्यों के जरिए मनाने की एक सराहनीय पहल की जाती है, ताकि व्यक्तिगत खुशियों को समाज के साथ साझा कर दूसरों को भी परोपकार के लिए प्रेरित किया जा सके।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
इस सेवा कार्यक्रम में ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. अलका सेन, सचिव डॉ. राकेश शुक्ला, संरक्षक संतोष कुमार कुलश्रेष्ठ, सुशील कुमार, मीडिया प्रभारी सौरभ कुलश्रेष्ठ, संतोष गौतम, राजीव मोहन खेरा, डॉ. शर्मिला गुप्ता, अखिलेश कुमार दुबे, सुरेश बाबू कुशवाह, डॉ. प्रयाग शंकर, वंश बत्रा, राघव शर्मा, विकास शर्मा, प्रियंका, राखी, कृष्णा और बीरू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय की प्राचार्या, शिक्षकगण और समस्त स्टाफ ने ट्रस्ट के इस मानवीय प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
- जोड़ों के दर्द से लेकर रीढ़ की समस्याओं का मिलेगा विशेषज्ञ समाधान, मुंबई के सांताक्रूज और चेंबूर में शुरू हुए निवम ऑर्थोपेडिक्स के केंद्र - October 21, 2026
- सोनाली कुलकर्णी और नीरू शर्मा की शॉर्ट फिल्म ‘लाइक माँ’ का ट्रेलर रिलीज: बचपन के जख्मों और पीढ़ियों के दर्द की परतें खोलेगी कहानी - October 21, 2026
- राधास्वामी अंध विद्यालय में दिव्य सेवा ट्रस्ट का अनूठा सेवा कार्य: डॉ. अलका सेन के जन्मदिवस पर दृष्टिबाधित बच्चों के साथ बांटा भोजन और खुशियां - October 21, 2026